मुंबई। आगामी गर्मी की छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ने वाली संख्या को दृष्टिगत रखते हुए टिकट दलालों और उनकी गतिविधियों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे के सतर्कता विभाग की एक टीम द्वारा नालासोपारा स्थित एक मेडिकल शॉप में छापा मारकर कड़ी कार्रवाई की गई, जिसमें 4 लाख 75 हजार रु. के 205 टिकट बरामद हुए।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री रविंद्र भाकर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पश्चिम रेलवे के सतर्कता निरीक्षक श्री मनोज यादव और श्री सौरभ मसेकर तथा आरपीएफ कांस्टेबल श्री वैभव जोशी और श्री चम्पालाल पाटिल की टीम ने नालासोपारा की एक मेडिकल शॉप पर छापा मारकर आरोपी अजय कुमार शर्मा को पकड़ा, जो आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर अनेक ई-मेल आईडी के ज़रिये बड़ी संख्या में ई-टिकट बुक करता था। इस छापे के दौरान 4 लाख 75 हजार रु. के 205 टिकट बरामद हुए, जिनमें 3,85,805 रु. मूल्य के ई-टिकट तथा लगभग 90 हजार रु. मूल्य के पूर्व में बुक किये गये 83 ई-टिकटों से सम्बंधित कागजात बरामद किये गये। आरोपी के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 143 के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए नालासोपारा आईपीएफ को सौंप दिया गया।
पश्चिम रेलवे की सतर्कता टीम ने टिकट दलालों से 4 लाख 75 हजार रु. के टिकट बरामद किए

