मुंबई। ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े का 12 वाँ दिन भी 27 सितम्बर, 2019 को पूरे पश्चिम रेलवे पर ‘स्वच्छ नीर’ संकल्पना पर मनाया गया, जिसके अंतर्गत रेलवे कार्यालयों, कॉलोनियों, अस्पतालों, स्वास्थ्य इकाइयों, स्कूलों के सभी वॉटर इंस्टॉलेशनों का गहन निरीक्षण किया गया। पानी की जाँच करने वाले अधिकारियों के सक्षमता प्रमाण पत्र की भी जाँच की गई।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री रविंद्र भाकर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस अभियान के दौरान मुंबई मंडल के अंतर्गत अंधेरी, सूरत, डहानू रोड, व्यारा, मढ़ी तथा बारडोली स्टेशनों से पानी के नमूने रेसिडुअल क्लोरीन और टीडीएस की जाँच हेतु लिये गये ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि यात्रियों को पीने का स्वच्छ पानी प्राप्त हो रहा है। मंडल पर वॉटर टैंक और वॉटर सप्लाई इंस्टॉलेशनों के बड़े पैमाने पर साफ-सफाई की गई। डहानू मंडल और संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन से 250 से अधिक स्वयंसेवक तथा डहानू म्यूनिसपैलिटी के सहयोग से 70 रेलवे हाउसकीपिंग स्टाफ ने डहानू रोड स्टेशन पर बृहद पैमाने पर श्रमदान गतिविधियों में भाग लिया।
अहमदाबाद मंडल के अंतर्गत एनएसएस टीम के संत जेवियर्स कॉलेज-अहमदाबाद के विद्यार्थियों ने अहमदाबाद स्टेशन पर श्रमदान में सहभागिता की। कुल 50 विद्यार्थियों ने अहमदाबाद स्टेशन के सभी 12 प्लेटफॉर्मों के सभी वॉटर स्टैंड की सफाई की। लोकप्रिय ‘प्लास्टिक हटेला’ सेल्फी पॉइंट के पास विद्यार्थियों ने सेल्फी भी ली। रतलाम मंडल के अंतर्गत लोको कैरेज एवं वैगन कारखाना-दाहोद में एक पुराने कुएँ का रिवाइवल किया गया, जो एक बंजर भूमि के समीप स्थित था। प्रकृति मित्र मंडल एनजीओ के सामूहिक प्रयास से लगभग 5 हेक्टेयर बंजर भूमि को हरे-भरे क्षेत्र में परिवर्तित किया गया है। 16 मीटर गहरा कुआँ मलबे और कूड़ा-करकट से भरा हुआ था तथा उन सभी पौधों को जीवित रखने के लिए पानी की ज़रूरत महसूस होने पर निर्णय लिया गया कि इस कुएँ के रिवाइवल के लिए डी-सिल्ट किया जाये। रिवाइव किये गये कुएँ का व्यास 4 मीटर तथा गहराई 16 मीटर है। खुले कुएँ को डी-सिल्ट किया गया तथा लगभग 35 क्यूबिक मीटर कूड़ा-करकट हटाया गया। खुले कुएँ का डी-सिल्ट करने के बाद एक्यूफायर सक्रिय हो गया तथा खुला कुआँ कार्य करने लगा। आवश्यक मरम्मत के बाद स्क्रीन कवर उपलब्ध कराये गये तथा पेंटिंग भी की गई। कुएँ को और प्रभावी बनाने के लिए कुएँ के रिचार्ज हेतु समुचित व्यवस्था की गई है। अब यह कुआँ पूरी तरह से काम कर रहा है।
पश्चिम रेलवे का स्वच्छता पखवाड़ाः मनाया ‘स्वच्छ नीर’ की संकल्पना

