नई दिल्ली:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबंधों को प्रगाढ़ बनाने के मकसद से 17 से 18 अगस्त तक भूटान के दो दिवसीय दौरे जाएंगे। यात्रा के दौरान वे शीर्ष नेतृत्व के साथ पनबिजली सहित द्विपक्षीय संबंधों व आपसी हितों से जुड़े विविध विषयों पर व्यापक चर्चा करेंगे।
यात्रा के दौरान मोदी भूटान के सांसदों से व्यक्तिगत मुलाकात करेंगे। साथ ही युवाओं व छात्रों से भी उनका सीधा संपर्क होगा। विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भूटान के प्रधानमंत्री डॉ. लोटे शेरिंग के आमंत्रण पर वहां जा रहे हैं।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा दर्शाती है कि भारत सरकार अपने भरोसेमंद मित्र भूटान के साथ संबंधों को कितना महत्व देती है। मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भूटान यात्रा भारत सरकार द्वारा पड़ोस प्रथम नीति पर जोर दिए जाने के महत्व को दर्शाती है।
भारत और भूटान समय की कसौटी पर खरे उतरे और विशेष संबंधों को साझा करते हैं और दोनों देश साझी सांस्कृतिक धरोहर, लोगों के बीच सम्पर्क के साथ आपसी समझ और सम्मान का भाव रखते हैं।
विवाद के बाद पहली बार यात्रा
डोकाला विवाद के बाद पहली बार भूटान यात्रा पर जा रहे पीएम मोदी की भूटानी नेतृत्व से सामरिक और रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा होगी। मोदी 17 अगस्त को वहां पहुंचेंगे और भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक व भूटान के चौथे नरेश जिग्मे सिग्ये वांगचुक से भेंट करेंगे। इसी दिन वह अपने समकक्ष डॉ. लोटे शेरिंग के साथ भी बैठक करेंगे।

