नई दिल्ली:आईसीसी विश्व कप 2019 के सेमीफाइनल के बाद से महेंद्र सिंह धोनी क्रिकेट से दूर हैं। लिहाजा उनके रिटायरमेंट को लेकर सोशल मीडिया भरा पड़ा है। उनके फैन्स भी दुविधा में है। बीसीसीआई ने भी इस बार विकेटकीपर-बल्लेबाज धोनी का नाम अनुबंध सूची से बाहर कर दिया है। इसने उनके संन्यास की खबरों को और हवा दी थी। हालांकि, धोनी या टीम इंडिया की तरफ से इस बारे में कोई बयान नहीं आया है। फैन्स को उम्मीद थी कि 38 साल के धोनी आईपीएल 2020 में चैन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी करते हुए वह अपनी फिटनेस और अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे, लेकिन कोविड 19 ने न केवल इस टूर्नामेंट के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं बल्कि धोनी के भविष्य पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। ऐसे में पूर्व भारतीय क्रिकेटर दीप दासगुप्ता ने भी धोनी के कमबैक को लेकर अपनी राय दी है।
महेंद्र सिंह धोनी के फैन्स उन्हें एक बार फिर से टीम इंडिया की नीली जर्सी में देखना चाहते हैं, लेकिन आईपीएल ना पाने की वजह से यह काफी मुश्किल लग रहा है। धोनी के कमबैक और भविष्य को लेकर क्रिकेट जगत भी दो धड़ों में बंटा हुआ है। एक तरफ कहना है कि जब आईपीएल भी नहीं हो रहा है तो आखिर किस आधार पर धोनी को टीम इंडिया में चयन होना चाहिए। वहीं, कुछ का कहना है कि धोनी को वापसी के लिए आईपीएल की जरूरत नहीं है।
अबतक बहुत से क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी को लेकर अपनी राय दे चुके हैं। अब एक इंस्टाग्राम लाइव के दौरान पूर्व क्रिकेटर दीप दासगुप्ता ने भी धोनी को लेकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा है कि वापसी से पहले उन्हें प्रतियोगी क्रिकेट खेलना पड़ेगा।
दीप दासगुप्ता ने कहा, ”धोनी की खेल के प्रति भूख है, जो इंटरनेशनल क्रिकेट में उनकी वापसी करा सकती है।” उन्होंने कहा, ”यदि महेंद्र सिंह धोनी रिटायर नहीं हो रहे हैं तो निश्चित रूप से वह चयनकर्ताओं की निगाह में रहेंगे। मैं केवल इतना कहना चाहता हूं कि उन्हें वापसी से पहले प्रतियोगी क्रिकेट खेलना पड़ेगा। उनके लिए रन न बनाना या घरेलू क्रिकेट न खेलना महत्वपूर्ण नहीं होगा। लेकिन यह देखना होगा कि उनमें टीम इंड़िया के लिए दोबारा खेलने की कितनी भूख है।”
बता दें कि इससे पहले टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री ने भी कहा था कि राष्ट्रीय टीम में वापसी से पहले महेंद्र धोनी को आईपीएल में परफॉर्म करना होगा, लेकिन कोरोना वायरस की वजह से यह टूर्नामेंट अनिश्चितकाल के स्थगित हो गया।

