नई दिल्ली:केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने न्यूज एजेंसी एएनआई से इंटरव्यू में विधानसभा चुनाव में मिली बीजेपी को हार से लेकर आगामी लोकसभा चुनाव से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए। केंद्रीय मंत्री ने अगले लोकसभा चुनाव में उन्हें प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना को लेकर एक सवाल के जवाब में कहा कि नहीं कोई चांस ही नहीं है। मैं अभी जहां पर हूं, वहां पर खुश हूं।
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि पार्टी का पक्ष रखने के लिए प्रवक्ता बनाए गए हैं लेकिन इसके बावजूद बीजेपी में कुछ लोग हैं जो मीडिया से बातचीत करते हुए विवाद पैदा करते हैं। उन्हें ऐसी कोई भी बात नहीं बोलनी चाहिए जो विवाद पैदा करे। यह सभी चीजें पार्टी की इमेज को खराब करती हैं।
वहीं, हाल में तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों में मिली बीजेपी को हार के सवाल पर नितिन गडकरी ने कहा कि मैं इसे हार की तरह नहीं देखता हूं क्योंकि कांग्रेस और बीजेपी के बीच हार और जीत में सीटों की संख्या का अंतर काफी कम था। इन चुनावों में जहां पर भी कोई कमी रही है, हम आगामी लोकसभा चुनाव में उनपर काम करेंगे। गडकरी ने दावा किया कि वे लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करेंगे और एक बार फिर से पीएम मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे।
गडकरी ने आगे कहा कि राजनीति समझौतों और सीमाओं का खेल है। जब पार्टी को लगता है कि कि वह सामने वाली पार्टी को पराजित नहीं कर सकेगी तो वह गठबंधन कर लेती हैं। गठबंधन खुश मन से कोई नहीं करता है। यह लाचारी की वजह से होता है। यह मोदी जी और बीजेपी का ही डर है कि जो एक दूसरे के खिलाफ होते थे, अब साथ हो रहे हैं।
पीएम पद का उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना पर बोले गडकरी, कोई चांस ही नहीं

