नई दिल्ली:पंजाब में बिजली दरों को लेकर वहां के विपक्षी दलों ने कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार पर करारा हमला बोला है। एक तरफ जहां ‘आप’ सांसद भगवंत मान की अगुवाई में पार्टी समर्थकों ने शुक्रवार को पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के चंडीगढ़ स्थित आवास पर प्रदर्शन किया तो वहीं दूसरी तरफ शिरोणमणि अकाली दल की बठिंडा से सांसद और केन्द्रीय मंत्री हरसिमरत कौर ने उन पर हमला बोला।
पंजाब सीएम आवास पर प्रदर्शन
अमरिंदर सिंह आवास के बाहर आम आदमी पार्टी समर्थकों पर प्रदर्शन के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने पानी की बौछारों से उन्हें तितर-बितर करने की कोशिश की।
हरसिमरत का पंजाब सरकार पर हमला
उधर, बिजली दरों को लेकर केन्द्रीय मंत्री हरसिमरत कौर ने ट्वीट करते हुए पंजाब सरकार को आड़े हाथों लिया। हरसिमरत कौर ने ट्वीट करते हुए कहा, “कांग्रेस सरकार अपना खजाना भरने के लिए लोगों की कमर तोड़ रही है। उन्होंने कहा कि बठिंडा के गांववालों को 2.5 लाख बिजली बिल दिया जा रहा है। आप कोयला घोटाले हुए 4,100 करोड़ के नुकसान को लोगों की कीमत पर नहीं वसूल सकते हैं। आप जिसको लूटने की कोशिश कर रहे हैं, शिरोमणि अकाली दल हर उस पंजाबी की रक्षा करेगी।”
गौरतलब है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार है और वह 200 यूनिट तक बिजली फ्री दे रही है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में ‘आप’ की तरफ से लगातार इसे चुनाव में लोगों की बीच भुनाने की कोशिशें हो रही है। इस बीच बिजली के सहारे पंजाब में आम आदमी पार्टी और अपने आपको और मजबूत करने की कोशिश कर सकती है।
पंजाब के सीएम अमरिंदर सिंह आवास के बाहर बिजली दर पर ‘आप’ का प्रदर्शन, पुलिस ने की पानी की बौछार

