राजस्थान के जालोर जिले से सामने आई पानी चोरी और उसके विरुद्ध की गई कार्रवाई की खबर केवल एक स्थानीय घटना नहीं है, बल्कि यह हमारे देश में विकास के दावों की वास्तविकता को उजागर करने वाला एक कड़वा सच है। जिस देश में पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए लोगों को चोरी करने पर मजबूर होना पड़े, वहां विकास के बड़े-बड़े दावे स्वतः ही खोखले प्रतीत होते हैं।
पानी, हवा और सूर्य ऊर्जा जैसे संसाधन प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं, जिन पर हर नागरिक का समान अधिकार होना चाहिए। लेकिन जब यही पानी लोगों की पहुंच से दूर हो जाए और उन्हें अपनी बुनियादी जरूरत पूरी करने के लिए गैरकानूनी रास्ता अपनाना पड़े, तो यह केवल कानून का मामला नहीं रह जाता, बल्कि यह व्यवस्था की गंभीर विफलता का संकेत बन जाता है। ऐसे में केवल चोरी करने वालों पर कार्रवाई करना समस्या का समाधान नहीं, बल्कि उसके मूल कारणों से आंखें मूंद लेना है। विडंबना यह है कि एक ओर प्रशासन कानून का हवाला देकर सख्ती दिखाता है, वहीं दूसरी ओर यह सवाल अनुत्तरित रह जाता है कि आखिर ऐसी परिस्थितियां क्यों बनीं कि लोगों को पानी जैसी जरूरत के लिए चोरी करनी पड़ी। क्या यह प्रशासनिक लापरवाही नहीं है? क्या यह योजनाओं के असमान क्रियान्वयन का परिणाम नहीं है? और क्या यह सामाजिक जागरूकता की कमी का भी संकेत नहीं है?
यह स्थिति कहीं न कहीं हमें गौतम बुद्ध के उस सिद्धांत की याद दिलाती है, जिसमें “अचोरी” यानी चोरी न करने का संदेश दिया गया था। इसी विचारधारा से प्रेरित होकर डॉ. भीमराव अंबेडकर ने हमारे संविधान की रचना की, जिसमें हर नागरिक को गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार दिया गया है। लेकिन जब मूलभूत आवश्यकताएं ही उपलब्ध नहीं हों, तो नैतिक मूल्यों की अपेक्षा करना भी एक प्रकार का विरोधाभास बन जाता है। ऐसे समय में जब पूरे देश में अंबेडकर जयंती के अवसर पर 11 से 14 अप्रैल तक संविधान जागरूकता और जनजागरण के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जालोर की यह घटना हमें आत्ममंथन करने के लिए मजबूर करती है। क्या हम वास्तव में संविधान की भावना के अनुरूप समाज बना पाए हैं? क्या विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच पाया है? जरूरत इस बात की है कि इस मुद्दे को केवल कानून-व्यवस्था के नजरिए से न देखा जाए, बल्कि इसके सामाजिक और आर्थिक कारणों को समझते हुए स्थायी समाधान खोजा जाए। जल प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था, समान वितरण, और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना ही इस समस्या का वास्तविक समाधान है। अंततः, यह कहना गलत नहीं होगा कि जब तक देश का आम नागरिक अपनी मूलभूत जरूरतों के लिए संघर्ष करता रहेगा, तब तक विकास के दावे अधूरे ही रहेंगे। जालोर की यह घटना केवल एक चेतावनी है-अगर अब भी नहीं संभले, तो “विकास” केवल भाषणों और नारों तक ही सीमित रह जाएगा।
पानी की चोरी पर कार्यवाही या व्यवस्था की विफलता? जालोर की घटना ने उठाए गंभीर सवाल

