नागपुर:महाराष्ट्र में एक शख्स ने पांच साल की मासूम बच्ची को मौत के घाट उतार दिया। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, 32 वर्षीय एक शख्स ने नागपुर के कमलेश्वर इलाके में 5 साल की बच्ची के साथ रेप की नाकाम कोशिश की। उसके बाद उसे मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
उधर, बिहार के मुजफ्फरपुर से सटे अहियापुर के नाजिरपुर गांव में शनिवार को दबंगों ने घर में घुसकर एक छात्रा को जिंदा जला दिया। घटना के वक्त लड़की अपने घर में अकेली थी। आग लगाने के बाद बदमाश ने ही अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसे निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया और भाग गया। रविवार को परिजनों ने उसे एसकेएमसीएच में भर्ती कराया है। लड़की नब्बे फीसदी से अधिक जल चुकी है। एसएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपित राजा राय को गिरफ्तार कर लिया गया है।
लड़की की मां ने बताया कि बगल में रहने वाला राजा राय उनकी बेटी को लंबे समय से परेशान कर रहा था। बाद में उसके डर से उसकी पढ़ाई तक छुड़वा दी। वह बीए की छात्रा थी। कई बार शिकायत अहियापुर पुलिस से की मगर अब तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। लड़का का पिता दबंग है। हमारी शिकायत पर पुलिस उसके यहां जाकर लौट आती थी। उस पर कार्रवाई करने के बजाय समझौता करने का दबाव बनाती थी। चार बच्चों में यह सबसे छोटी थी। दो बेटियों की शादी हो चुकी है जबकि बेटा पटना में रहता है।

