नई दिल्ली:पाकिस्तान सेना ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास तीन सेक्टरों में मंगलवार को मोर्टार से गोलाबारी की। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय सैनिकों ने इसका करारा जवाब दिया। प्रवक्ता ने कहा, ”मंगलवार को सुबह करीब 11 बजे, पाकिस्तानी सेना ने बिना उकसावे के संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए शाहपुर, किरनी और कस्बा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास गोलीबारी और गोलाबारी की। सोमवार को, पाकिस्तानी सेना ने पुंछ के मनकोटे इलाके को निशाना बनाया था।
बता दें कि सोमवार जम्मू-कश्मीर के कुलगाम के गुड्डर इलाके में भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, पुलिस और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में 3 आतंकवादी मारे गए थे।
रविवार को यह मुठभेड़ उस समय शुरू हुई जब आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों के गस्ती दल पर फायरिंग की। जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ और सेना ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आतंकवादियों को घेर लिया। बता दें कि घाटी में लॉकडाउन में अब तक 23 आतंकवादी मारे जा चुके हैं। शुक्रवार को ही अधिकारियों ने यह जानकारी दी थी कि साल 2020 में अब तक सुरक्षाबलों ने 50 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराया है। आतंकियों के सफाए से बौखलाया पाकिस्तान और आतंकवादियों को घुसपैठ कराने की फिराक में है।

