नई दिल्ली:कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते हुए खतरे को देखते हुए पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) को स्थगित किया जा चुका है। पीएसएल के पांचवें सीजन के दोनों सेमीफाइनल मैच आज खेले जाने थे, लेकिन सेमीफाइनल मैच से पहले ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने इसे स्थगित करने का फैसला लिया। यह पहला मौका था, जब पीएसएल का पूरा सीजम पाकिस्तान में खेला जा रहा था। पीएसएल स्थगित होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर फैन्स के लिए एक खास वीडियो शेयर किया।
शोएब अख्तर ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में कहा, ‘पीएसएल स्थगित होने से सब निराश हैं, लेकिन इस बार यह पाकिस्तान की जीत है कि कामयाबी से पाकिस्तान में पीएसएल खेला गया। आप सभी अपना दिल छोटा ना करें अगले साल इससे भी शानदार तरीके से पाकिस्तान में पीएसएल का आयोजन होगा।’
कोरोना वायरस संक्रमण के चलते दुनिया भर के तमाम स्पोर्ट्स इवेंट रद्द या स्थगित किए जा रहे हैं। पीएसएल इसमें एक नया नाम जुड़ गया है। शोएब अख्तर इससे पहले अपने यूट्यूब चैनल पर भी कोरोना वायरस को लेकर एक वीडियो पोस्ट कर चुके हैं, जिसमें उन्होंने चीनी लोगों को जमकर लताड़ा था। अख्तर ने तब भी यही कहा था कि कोरोना वायरस संक्रमण का असर पीएसएल पर भी पड़ रहा है और इस वजह से उन्हें चीनी लोगों पर गुस्सा आ रहा है।

