लाहौर:सौरव गांगुली के बीसीसीआई अध्यक्ष बनने से पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर भी बेहद खुश हैं। शोएब अख्तर ने गांगुली को सही मायनों में लीडर बताया। उनके मुताबिक, बतौर बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव सिर्फ भारतीय क्रिकेट को ही आगे नहीं ले जाएंगे बल्कि इंटरनेशनल क्रिकेट को भी उनसे काफी उम्मीदें हैं। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर राशिद लतीफ ने भी गांगुली से उम्मीदें लगा रखी हैं। लतीफ के मुताबिक, गांगुली सिर्फ बीसीसीआई ही नहीं बल्कि दूसरे क्रिकेट बोर्ड की मदद के बारे में भी सोचेंगे। दादा के नाम से मशहूर गांगुली ने बुधवार को औपचारिक तौर पर बीसीसीआई अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया।
शोएब ने कहा, “अब दादा आ गया है। मुझे पूरा यकीन है कि वो अपना योगदान इंटरनेशनल क्रिकेट में भी देगा। ये बंगाली है और मुझे यकीन है कि वो अपनी बात कहे बिना नहीं रहेगा।” लतीफ ने कहा- मुझे भी भरोसा है कि वो दूसरे बोर्ड को भी सपोर्ट करेगा और सिर्फ वही बात कहेगा जो सही हो।
‘रोहित हर साल 1 हजार रन बनाते’
शोएब ने रोहित शर्मा की फिर तारीफ की। अख्तर ने कहा- अगर रोहित पांच साल से टेस्ट खेल रहे होते। तो वो कम से कम एक हजार रन हर साल बनाते। सोचिए आज वो कहां होते। इसलिए, मैं कहता हूं कि रोहित का नया अवतार है। अब वो खुद से बदला लेने पर उतारू हैं।
उमेश यादव की चर्चा करते हुए शोएब ने कहा, “उससे ज्यादा फिट खिलाड़ी टीम इंडिया में बहुत कम हैं। मैंने उससे एक बार कहा था कि तुम अपनी गेंद की लैंग्थ थोड़ा आगे करो। उसके पास पेस भी बहुत है। लेकिन, टीम इंडिया की पेस बैटरी की सफलता का श्रेय विराट कोहली को जाता है। वे ऐसा कप्तान है जो अपने पेस बॉलर्स से कहता है कि जान लगाकर बैट्समैन को डराओ।”

