मुरादाबाद:केंद्रीय सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री गिरिराज सिंह ने मुरादाबाद में ओवैसी के बयान पर पलटवार किया। चेताया वह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की भाषा ना बोलें। नोएडा प्रकरण पर हो रही सियासत पर उन्होंने तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तान में विभाजन के बाद भी लाखों मस्जिद बनीं और सही सलामत हैं लेकिन पाकिस्तान में हिंदू पलायन कर गया और मंदिर तोड़ दिए गए।
मुरादाबाद के कंपनी बाग स्थित सेनानी भवन में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा हमारे देश की संस्कृति गले लगाने की है। नोएडा में पार्क में नमाज पर रोक लगाने संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा मुझे प्रकरण की जानकारी नहीं है। अगर कोई कानून है तो सबके लिए समान उसका सभी को पालन करना चाहिए। मुसलमान घर में मस्जिद में कहीं भी नमाज पढ़ सकता है। इसको मुद्दा बनाने की जरूरत नहीं है। ओवैसी जैसे लोग नफरत फैलाने का काम करते हैं मैं उनको चेतावनी देना चाहता हूं कि वह पाकिस्तान की भाषा में ना बोले।
एआईएमआईएम के असदउद्दीन ओवैसी ने कहा था कि कांवड़ियों पर फूल बरसाए जाते हैं और नमाज पर पाबंदी लगाई जाती है। इसी पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पलटवार किया। मंत्री ने कहा जनसंख्या नियंत्रण जागरूकता के लिए देशभर में घूम रहे हैं। चीन में जनसंख्या पर नियंत्रण कर के तरक्की की मिसाल पेश की है। हिंदुस्तान में भी जनसंख्या नियंत्रण कानून बनना चाहिए। दो से अधिक बच्चों पर वोट डालने का अधिकार छीन लेना चाहिए। गिरिराज ने कहा जहां जहां हिंदू आबादी ज्यादा है वहां ज्यादा विकास है। सेकुलिरिज्म शब्द का सियासी इस्तेमाल होता आया है इस पर पाबंदी लगे। अब सामाजिक सेकुलरिज्म की जरूरत है। इससे पहले सर्किट हाउस में मेयर विनोद अग्रवाल, नगर विधायक रितेश गुप्ता, जिला अध्यक्ष हरिओम शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेंद्र गुप्ता समेत कई भाजपा नेताओं ने स्वागत किया।

