सिडनी:ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए 14 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है, जिसको लेकर पूर्व क्रिकेटर शेन वॉर्न काफी खफा हैं। वॉर्न ने इस टीम चयन को मजाक करार दिया है। उन्होंने शुक्रवार को टीम चयन के बाद कहा कि ये सिलेक्शन वर्ल्ड कप को ध्यान में रखकर नहीं किया गया है।
वॉर्न ने ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ताओं पर बिना सोचे समझे टीम चुनने का आरोप लगाया। ऑस्ट्रेलिया ने 14 सदस्यीय टीम की घोषणा कि जिसमें तेज गेंदबाज पीटर सिडल, उस्मान ख्वाजा और नाथन लायन की वापसी हुई है। वॉर्न ने ट्वीट किया, ‘अभी ऑस्ट्रेलिया वनडे टीम की घोषणा हुई और कुछ खिलाड़ियों का टीम में नाम नहीं दिखना और कुछ अन्य को टीम में शामिल करना काफी चौंकाने वाला है। इसका कोई मतलब नहीं बनता है। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट के हर फॉरमैट में ऐसा हास्यास्पद चयन रुकना चाहिए।’
वॉर्न ने इसके बाद ट्विटर पर अपनी वनडे टीम की घोषणा की जिसमें उन्होंने हरफनमौला डार्सी शॉर्ट को टीम में शामिल किया है। शॉर्ट के अलावा वॉर्न की टीम में एरन फिंच, विकेटकीपर एलेक्स कैरी, शॉन मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, एश्टन एगर या मिशेल मार्श में से एक, जेम्स पैटिनसन, झेय रिचर्डसन, रिले मेरेडिथ, एडम जाम्पा शामिल हैं।
डार्सी शॉर्ट को इसलिए टीम में मिलनी चाहिए थी जगह
उन्होंने कहा, ‘मुझे ये विश्वास नहीं हो रहा कि डार्सी शॉर्ट को टीम में शामिल नहीं किया गया है। मुझे नहीं पता उसने क्या गलत किया है। वो गेंदबाजी भी सकता है और शीर्षक्रम में बल्लेबाजी भी। वो शानदार फॉर्म में है और शीर्ष में आरोन फिंच का अच्छा जोड़ीदार साबित हो सकता है।’ वॉर्न ने कहा कि मई-जून में इंग्लैंड में होने वाले विश्व कप को ध्यान में रख कर टीम का चयन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘वहां ऐसे हालात होंगे की पिचें सपाट होंगी जिस पर शायद स्पिनरों को मदद मिले। इसलिए आपको चतुर गेंदबाजों और कुछ तेज गेंदबाजों की जरूरत होगी। मैदान छोटे होंगे ऐसे बल्लेबाज चाहिए जो बड़े शाट खेल सके और क्रीज पर सामय बिता सकें।’
ऑस्ट्रेलियाई टीम के सिलेक्शन पर भड़के शेन वॉर्न

