एडिलेड:यह विराट कोहली की क्लास थी और महेंद्र सिंह धोनी का दम। कोहली ने जहां अपने करियर की 39वीं सेंचुरी लगाकर भारत को मैच में बनाए रखा तो दूसरी ओर धोनी ने दिखाया कि उनमें अभी दम बाकी है। एक समय पर भारत को 8 रन प्रति ओवर की दर से रन चाहिए थे लेकिन कोहली और धोनी ने मैच को भारत के हाथ से फिसलने नहीं दिया। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शॉन मार्श के शतक की मदद से 9 विकेट पर 298 रन बनाए जवाब में भारत ने 49.2 ओवरों में चार विकेट खोकर 299 रन बनाकर मैच जीत लिया। इसके साथ ही भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है। सीरीज का आखिरी मैच 18 तारीख को मेलबर्न में खेला जाएगा।
भारत ने ऑस्ट्रेलिया को विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है। ऐडिलेड में खेले गए तीन वनडे मैचों की सीरीज के दूसरे मैच में भारत की ओर से कप्तान विराट कोहली ने 104 रनों की पारी खेली। महेंद्र सिंह धोनी ने 55 रनों की पारी खेली। कोहली ने अपने वनडे इंटरनैशनल करियर की 39वीं सेंचुरी लगाई। रनों का पीछा करते हुए यह उनकी 24वीं और ऑस्ट्रेलिया में पांचवीं सेंचुरी थी।
299 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को ओपनर शिखर धवन और रोहित शर्मा ने तेज शुरुआत दी, लेकिन यह बरकरार नहीं रह सका। शिखर धवन के रूप में भारत को पहला झटका लगा। वह 32 रन बनाकर पेसर जेसन बेहरेनडोर्फ की गेंद पर उस्मान ख्वाजा के हाथों लपके गए। पहले विकेट के लिए 47 रनों की साझेदारी हुई। इसके बाद रोहित और कप्तान विराट ने दूसरे विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी करते हुए भारत को 100 रनों के पार पहुंचाया। यह साझेदारी खतरनाक होती दिख रही थी तभी रोहित ने स्टॉयनिस को पूल शॉट लगाकर 6 रन जुटाने चाहे, लेकिन सीमारेखा पर हैंड्सकॉम्ब के हाथों लपक लिए गए। उन्होंने 52 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्के लगाए।
रोहित के आउट होने के बाद अंबाती रायुडू मैदारन पर उतरे। उन्होंने कप्तान विराट के साथ तीसरे विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी की, लेकिन वह ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने जूझते नजर आए। उनकी बैटिंग देखकर लग रहा था वह किसी जल्दबाजी में हैं। वह बड़ा शॉट खेलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन कामयाब नहीं हो रहे थे। एक ऐसा ही हवाई शॉट खेलने के चक्कर में वह स्टॉयनिस के हाथों कैच आउट हो गए। उनका विकेट ग्लेन मैक्सवेल ने लिया। उन्होंने 36 गेंदों में 2 चौके की मदद से 24 रन बनाए।
कोहली ने इसके बाद अपने करियर का 39वां शतक लगाया। वह मैच को अपने दम पर आगे ले जा रहे थे कि तभी जाय रिचर्डसन की गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल ने बाउंड्री पर उनका कैच पकड़ लिया। कोहली और धोनी के बीच चौथे विकेट के लिए 13 ओवरों में 82 रन जोड़े। इसके बाद दिनेश कार्तिक की पारी भी काफी महत्वपूर्ण रही। कार्तिक ने सिर्फ 14 गेंदों पर 25 रन बनाकर धोनी पर प्रेशर खत्म किया।

