नई दिल्ली:दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा मांसपेशियों में खिंचाव के कारण भारत के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज नहीं खेल पाएंगे। इससे वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी वनडे सीरीज से बाहर रहेंगे। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका के अनुसार यह 24 वर्षीय गेंदबाज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बुधवार को अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में चोटिल हो गया था जिसके कारण उन्हें चार सप्ताह तक बाहर रहना होगा।
दक्षिण अफ्रीका टी20 सीरीज 1-2 से गंवाने के बाद अब ऑस्ट्रेलिया से एकदिवसीय सीरीज खेलेगा। दक्षिण अफ्रीकी टीम इसके बाद तीन मैचों की सीरीज खेलने के लिए भारत दौरे पर आएगी जिसका पहला मैच 12 मार्च को धर्मशाला में खेला जाएगा। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने इसके साथ ही घोषणा करते हुए बताया कि तेम्बा बावुमा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलने के लिये फिट हो गए हैं।
बता दें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद दक्षिण अफ्रीकी टीम भारत दौरे पर आएगी। भारत दौरे पर दक्षिण अफ्रीका को तीन मैचों की वन-डे सीरीज खेलनी है। सीरीज का पहला मुकाबला 12 मार्च को धर्मशाला में होगा, जबकि तीसरा व आखिरी मैच 18 मार्च को कोलकाता में होगा।

