मशहूर फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार कहते हैं कि वे जब फिल्में करते हैं तो डायरेक्टर नया है या पुराना, यह नहीं देखते बल्कि उसकी ग्रीड देखते हैं। काम के प्रति उसकी भूख कितनी है, वह कितने लगन से काम करता है और क्या करना चाहता है। इससे फर्क नहीं पड़ता कि वह नया है या पुराना। अक्षय ने कहा कि नये डायरेक्टर के पास नया आइडिया होता है। इससे पहले वे 20 नये डायरेक्टर्स के साथ काम कर चुके हैं, राज मेहता 21वें हैं। जहां तक रिस्क की बात है तो वह रिस्क नये से भी होता है और पुराने से भी। यह गारंटी कोई नहीं ले सकता कि पुराने डायरेक्टर के साथ काम करने में रिस्क नहीं होता।
अपनी अपकमिंग फिल्म ‘गुड न्यूज’ को लेकर इस समय अक्षय कुमार चर्चा में भी हैं और उत्साहित भी। धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही फिल्म ‘गुड न्यूज’ एक मल्टी स्टारर फिल्म है जिसमें अक्षय कुमार, करीना कपूर, दिलजीत दोसांझ एवं कियारा आडवाणी मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म के निर्देशक राज मेहता हैं। फिल्म को करण जौहर और अक्षय कुमार ने संयुक्त रूप से प्रोड्यूस किया है।
कौन होंगे ऑडियंस
‘गुड न्यूज’ के ऑडियंस को लेकर बात करते हुए अक्षय कुमार कहते हैं कि ‘गुड न्यूज’ की ऑडियंस अधिकतर महिलाएं हैं। आईबीएफ आज बहुत बड़ी चीज हो गई है। आईबीएफ करीबन 8 मिलियन बच्चों को जन्म दे चुका है। कई औरतें-मर्द बच्चे पैदा करने में असमर्थ होते हैं, उन्हें आईबीएफ की वजह से बच्चा मिलता है। ‘गुड न्यूज’ आईबीएफ पर आधारित फिल्म है जबकि आईबीएफ पर अभी तक किसी ने फिल्म नहीं बनाई थी, यह नया विषय है।
कॉमेडी के साथ गंभीर विषयों को रखना
इतने गंभीर विषयों पर कॉमेडी के साथ फिल्म बनाने को लेकर अक्षय कुमार कहते हैं कि अगर कॉमेडी ना बनाएं तो क्या बनाएं। फिल्म में अपनी बात कहने में तब और आसानी होती है जब हंसते-गाते अपनी बात कह डालें। दो-चार गानें हों, एक-दो फाइट हों, थोड़े इमोशंस हों, जो कहना हो स्मूथली कहकर निकल जाएं। कोई भी बात हंस खेलकर कहना ज्यादा ठीक होता है। लगातार सामाजिक संदेशों वाली फिल्में करने को लेकर किए गए सवाल पर अक्षय ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है, यह कोई प्लान नहीं है बल्कि आ जाती हैं, स्क्रिप्ट अच्छी लगती है और कर लेते हैं। ऐसी कोई बात नहीं कि मैं सिर्फ सोशल फिल्में ही करता हूं। कुछ भी नया हो, उसे करने में मजा आता है। अक्षय कहते हैं कि 100 करोड़ 200 करोड़ मायने तो रखते हैं लेकिन फिल्में चले यही बहुत बड़ी बात है। मल्टी स्टारर फिल्मों को लेकर किए गए सवाल के जवाब में अक्षय ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है अच्छी स्क्रिप्ट होनी चाहिए।
‘गुड न्यूज’ किस तरह के सामाजिक संदेश देंगी?
यह फिल्म कई अच्छे संदेश देगी, आईबीएफ को लेकर जागृति करेगी, क्योंकि यह कमाल की टेक्नोलॉजी है, बांझपन आदि को लेकर भी।
इस मौके पर अक्षय कुमार ने अपने द्वारा एक साथ 14 फ्लॉप फिल्मों का जिक्र करते हुए कहा कि हमें प्रोफेशनल होना चाहिए और मैं सफल इसीलिए रहा, क्योंकि मैं हमेशा सेट पर समय से पहुंचता था, और अपना काम बड़ी जिम्मेदारी से करता रहा हूं।
संवाददाताओं से बातचीत करने से पहले ‘गुड न्यूज’ का नया गाना ‘सौदा खरा खरा’ लांच किया गया, जो शादी स्पेशल है। इसमें अक्षय कुमार अलग टाइप का नागिन डांस करते हुए नजर आ रहे हैं। इस बारे में अक्षय ने बताया कि उन्हें इस गाने का थीम एक वीडियो क्लिप से मिला, उसी आधार पर उन्होंने इसे फिल्म में शामिल किया।
- दिनेश कुमार (dinesh@surabhisaloni.com)

