लाहौर:जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की हृदय संबंधी जटिलताओं के कारण हालत गंभीर है। डॉक्टरों ने कहा कि उन्हें तत्काल उपचार की जरूरत है। लाहौर के कोट लखपत जेल में सात साल कैद की सजा काट रहे शरीफ को हृदय संबंधी समस्या होने के बाद मंगलवार को कड़ी सुरक्षा में पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी (पीआईसी) ले जाया गया।
शरीफ के कार्डियोलॉजिस्ट अदनान खान का कहना है कि उनकी हालत बेहद गंभीर है और उन्हें बिना किसी देरी के अस्पताल में भर्ती कराया जाना चाहिए। खान ने कहा,‘नवाज शरीफ का जेल में इलाज मुमकिन नहीं है क्योंकि उन्हें हृदय संबंधी जटिलताएं हैं। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया जाना चाहिए ताकि उनका उचित खयाल रखा जा सके।’
उन्होंने कहा, ‘यहां तक कि शरीफ की पहले जांच करने वाले एक विशेष चिकित्सा बोर्ड ने भी इलाज के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती किए जाने का सुझाव दिया था लेकिन सरकार ने उनके सुझाव पर गौर नहीं किया।’ मीडिया में आई खबरों के अनुसार शरीफ की स्ट्रेस थैलियम टेस्ट में पोस्ट स्ट्रेस एलवी पंप/कॉन्ट्रैक्शन 56 प्रतिशत आया है, जो लगभग सामान्य है।
इस जांच से पता चलता है कि किसी व्यक्ति के हृदय में रक्त का प्रवाह कितने अच्छे तरीके से हो रहा है। साथ ही उनके हृदय के बाएं वेन्ट्रीकल का निचला हिस्सा क्षतिग्रस्त है।

