अहमदाबाद: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प 24 फरवरी को अहमदाबाद पहुंचेंगे। यहां के मोटेरा स्टेडियम में नमस्ते ट्रम्प कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। लेकिन अहमदाबाद के अफसरों का कहना है कि मोटेरा स्टेडियम का उद्घाटन नहीं होगा। यह बात गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष धनराज नाथवानी ने कही। खबर है कि ट्रम्प के साथ उनके हाईलेवल डेलिगेशन में उनकी बेटी इवांका भी रहेंगी। स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस अजय तोमर ने कहा कि स्टेडियम के आसपास सुरक्षा के सभी जरूरी उपाय कर लिए गए हैं। इससे पहले खबर थी कि वे नमस्ते ट्रम्प कार्यक्रम में शामिल होने से पहले साबरमती आश्रम भी जाएंगे, लेकिन उनके कार्यक्रम में बदलाव किया गया।
स्टेडियम के आसपास के इमारतों की निगरानी होगी
कमिश्नर ने कहा- स्टेडियम के पास की सभी इमारतों की निगरानी की जाएगी। पुलिस वहां मौजूद भीड़ को नियंत्रित करेगी और सभी की पूरी तरह से जांच की जाएगी। राज्य के कई जिलों से लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्हें यहां लाने के लिए बस की व्यवस्था की गई है। बस के साथ ही दोपहिया और चार पहिया वाहनों की पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है।
स्टेडियम तैयार करने में 800 करोड़ रु. खर्च
इस दौरान सिंगर कैलाश खेर, पार्थिव गोहिल, पुरुषोत्तम उपाध्याय, किंजल दवे और कीर्तिदान गढ़वी समेत अन्य कलाकार भी प्रस्तुति देंगे। दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम को तैयार करने में 800 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। 63 एकड़ में बने इस स्टेडियम में 1 लाख 10 हजार लोग एक साथ बैठकर क्रिकेट देख सकेंगे। मुख्य मैदान के अलावा, दो अन्य मैदान भी तैयार किए गए हैं। इसमें 3000 कारों के अलावा एक हजार दोपहिया वाहनों की पार्किंग हो सकेगी।
अगले साल इंग्लैंड के खिलाफ डे-नाइट टेस्ट खेला जाएगा
टीम इंडिया अपना पहला मैच अगले साल इंग्लैंड के खिलाफ नए स्टेडियम में खेलेगी। इंग्लैंड जनवरी-फरवरी 2021 में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने के लिए भारत आएगा। सीरीज का दूसरा मैच मोटेरा स्टेडियम में खेला जाएगा।

