मुंबई:स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा की कोहनी की सर्जरी हुई है, जिससे उनका दोहा में 27 सितम्बर से छह अक्टूबर तक होने वाली आईएएएफ विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाग लेना संदिग्ध हो गया है।
विश्व के पांचवें नंबर के भाला फेंक एथलीट को अप्रैल में एनआईएस पटियाला में अभ्यास के दौरान दर्द महसूस हुआ था। वह अगले साल ओलंपिक में एथलेटिक्स में भारत की सबसे बड़ी पदक उम्मीद हैं। पानीपत के 21 साल नीरज ने पिछले साल राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीते थे।
नीरज ने अपनी सर्जरी की जानकारी देते हुए टि्वटर पर लिखा- “मुंबई में डॉ दिनशॉ पार्दीवाला ने मेरी कोहनी की सर्जरी की और मुझे पूरी तरह ठीक होने और भाला फेंकने में कुछ महीने का रिहैबिलिटेशन लगेगा। मुझे उम्मीद है कि मैं ईश्वर के आशीर्वाद से मजबूती के साथ वापसी कर पाऊंगा।”
नीरज की सर्जरी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा- नीरज आप बहुत बहादुर हैं। आपने लगातार भारत को गर्व करवाया है। हर कोई आपके ठीक होने की दुआ कर रहा है।
यह भी निश्चित है कि हरियाणा का यह एथलीट अंतरराष्ट्रीय सत्र के ज्यादातर हिस्से में नहीं खेल पाएगा, जिसमें डायमंड लीग सीरीज भी शामिल है। बता दें कि डॉक्टर पार्दीवाला इससे पहले सुशील कुमार, सायना नेहवाल, पी वी सिंधू, योगेश्वर दत्त, विनेश फोगाट, अखिल कुमार, एच एस प्रणय का इलाज कर चुके हैं
नीरज से जुड़े करीबी सूत्र ने कहा, ”नीरज के हाथ में स्लिंग सात से 10 दिन तक रहेगा। इसके बाद ही उनका रिहैबिलिटेशन शुरू होगा। जिन डाक्टरों ने सर्जरी की है, उनके अनुसार उन्हें थ्रो शुरू करने में कम से कम तीन महीने लगेंगे।”
नीरज चोपड़ा की कोहनी की हुई सर्जरी, PM नरेंद्र मोदी ने की ये दुआ

