नई दिल्ली:नई उम्मीदों और सपनों के साथ नूतन वर्ष 2020 का आगमन हो गया। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में ओपेरा हाउस और सिडनी हार्बर ब्रिज के पास मनमोहक आतिशबाजी के साथ नए साल का स्वागत हुआ। भारत समेत दुनियाभर में लोगों ने नए साल का हर्षोल्लास से स्वागत किया।
भारत में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साथ साथ पूरे देश में जो स्थान सीएए का विरोधस्थल बने थे वे नए साल का जश्न स्थल बन गए। लोगों ने रेस्तरां, पबों, मॉल और अन्य स्थानों पर जोरदार ढंग से नए साल का स्वागत किया और पुराने साल को भव्य विदाई दी। इस मौके पर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे।
राजधानी दिल्ली में नए साल के मौके पर भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास दोनों बंद कर दिए गए। दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस और उसके आसपास के इलाकों में रात आठ बजे के बाद विशेष पाबंदी लगाई थी। कनॉट प्लेस सभी सर्किलों में वाहनों के प्रवेश की इजाजत नहीं थी।
भारत के मशहूर पर्यटन स्थल गोवा में भी नए साल का जोरदार स्वागत किया गया। यहां पर्यटकों, स्थानीय निवासियों के साथ हजारों लोगों ने नए साल का उत्सव मनाया। इस उत्सव में आयरलैंड के प्रधानमंत्री लियो वरडकर भी शामिल हुए। मालूम हो कि वरडकर के पिता महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के रहने वाले थे। वरडकर उत्तरी गोवा के एक रिसॉर्ट में ठहरे हैं।

