मुंबई:माहाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुसलमानों को आरक्षण देने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को घेरा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को इस मामले में अपना पक्ष साफ करना चाहिए। उनके मंत्री ने आरक्षण देने का बयान दिया है। अगर सीएम इसका समर्थन नहीं करते हैं तो विधानसभा में इसका खंडन करना चाहिए।
इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार के समक्ष मुस्लिम आरक्षण को लेकर कोई प्रस्ताव नहीं है। ठाकरे की यह टिप्पणी अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री नवाब मलिक द्वारा विधान परिषद में दिए गए उस बयान पर आया था, जिमसें उन्होंने कहा था कि मुस्लिमों को राज्य सरकार शिक्षा में पांच प्रतिशत आरक्षण मुहैया कराएगी।
एनसीपी मंत्री ने यह भी कहा था कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि इस संबंध में एक विधेयक जल्द पारित हो। ठाकरे ने दक्षिण मुम्बई में विधान भवन के बाहर मीडिया से कहा, ‘मुस्लिम आरक्षण को लेकर मेरे पास कोई प्रस्ताव नहीं आया है। जब यह हमारे सामने आएगा, तो हम उसकी कानूनी वैधता की जांच करेंगे। हमने इस पर अभी कोई निर्णय नहीं किया है। राज्य विधानमंडल का बजट सत्र विधान भवन में ही चल रहा है।’
उन्होंने भाजपा नीत विपक्ष को इस मुद्दे पर बयानबाजी नहीं करने की सलाह भी दी। ठाकरे ने कहा, ‘जो लोग इस मुद्दे पर हंगामा कर रहे हैं उनसे मैं आग्रह करता हूं कि वे अपनी ऊर्जा बचाकर रखें और उसका इस्तेमाल उस समय करें जब यह मुद्दा चर्चा के लिए आए। मुद्दा अभी आया नहीं है। शिवसेना ने अभी अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। जब प्रस्ताव आएगा तब देखेंगे।’
मुस्लिमों के आरक्षण पर फडणवीस ने उद्धव ठाकरे को घेरा, बोले- CM साफ करें स्टैंड

