बैंग्लुरु। बिडदी स्थित मुनिश्री पुलकित कुमार जी ठाणा-2 एवं बेंगलुरु के भिक्षु धाम में विराजित साध्वीश्री सोमयशा जी ठाणा-3 के पावन सान्निध्य का सौभाग्य तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम (TPF) को प्राप्त हुआ। इन अवसरों पर TPF की टीम ने न केवल दर्शन-सेवा का लाभ प्राप्त किया, बल्कि संगठन की विचारधारा, उद्देश्यों एवं योजनाओं को साझा करते हुए आध्यात्मिक मार्गदर्शन भी प्राप्त किया।
बिडदी में मुनिश्री पुलकित कुमार जी का सान्निध्य
TPF के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री हिम्मत माण्डोत के नेतृत्व में दक्षिण आंचल अध्यक्ष श्री विक्रम कोठारी, मंत्री श्री भरत भंसाली, टीपीएफ बेंगलुरु सेंट्रल अध्यक्ष श्री पुष्पराज चोपड़ा सहित प्रतिनिधिमंडल ने मुनिश्री की सेवा की। इस दौरान मुनिश्री ने TPF की गतिविधियों की सराहना करते हुए युवाओं को आध्यात्मिक और नैतिक मूल्यों पर आधारित जीवन जीने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी यदि संयम, सेवा और साधना के मार्ग पर चले, तो समाज और राष्ट्र दोनों की दिशा सुधर सकती है।
भिक्षु धाम में साध्वीश्री सोमयशा जी से आशीर्वाद
भिक्षु धाम, बेंगलुरु में साध्वीश्री सोमयशा जी से साक्षात्कार का अवसर भी अत्यंत प्रेरणादायी रहा। TPF प्रतिनिधियों ने यहाँ भी संगठन की वर्तमान गतिविधियाँ और आगामी योजनाएँ प्रस्तुत कीं। साध्वीश्री ने आत्मिक उन्नति के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने की प्रेरणा दी और कहा कि प्रोफेशनल वर्ग में नैतिक मूल्यों का समावेश समाज को एक नई दिशा दे सकता है।
आगामी योजनाओं की प्रस्तुति
इन दोनों पावन अवसरों पर TPF ने अपनी आगामी योजनाओं को विस्तार से साझा किया, जिनमें प्रमुख हैं:
- प्रोफेशनल डेवलपमेंट सेमिनार
- समाज सेवा प्रोजेक्ट्स
- युवाओं के लिए राष्ट्रीय स्तर पर लीडरशिप ट्रेनिंग
- युवा सशक्तिकरण कार्यक्रम एवं आध्यात्मिक कार्यशालाएँ
आध्यात्मिक ऊर्जा और उद्देश्यपूर्ण संकल्प
इन मुलाकातों से TPF टीम को आध्यात्मिक ऊर्जा, स्पष्टता और उद्देश्यपूर्ण कार्य की भावना से नवसंजीवनी मिली। सेवा, समर्पण और संयम के मूल्यों को आत्मसात कर संगठन समाज में और भी प्रभावी भूमिका निभाने की दिशा में अग्रसर है।

