मुंबई: पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस से संक्रमित चार पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। यह महाराष्ट्र में महामारी की शुरुआत के बाद एक दिन में बल को हुई सर्वाधिक क्षति है। अधिकारियों ने शनिवार (13 जून) को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक मुंबई पुलिस के एक अधिकारी सहित 25 पुलिसकर्मी कोविड-19 की भेंट चढ़ चुके हैं, जबकि सैंकड़ों संक्रमित जवानों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
वहीं, महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने शनिवार (13 जून) को कहा कि कोविड-19 से मुंबई पुलिस के 1,233 कर्मी स्वस्थ हो चुके हैं और इनमें से 334 फिर से अपनी ड्यूटी पर लौट आए हैं। देशमुख ने कहा कि उन्हें अपने कर्तव्यों को निभाने के लिए जान जोखिम में डालने वाले पुलिसकर्मियों पर गर्व हैं।
देशमुख ने ट्वीट किया, ”मुंबई पुलिस बल के कुल 1,233 पुलिसकर्मियों ने कोविड-19 को सफलतापूर्वक हराया है। इनमें से 334 अपनी ड्यूटी पर लौट आए हैं। इन कोरोना योद्धाओं को बधाई। मुझे मुंबई पुलिस पर गर्व है, जो अपने कर्तव्यों को निष्ठापूर्वक निभाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालते हैं।” कोविड-19 से 12 जून तक महाराष्ट्र के 35 पुलिसकर्मियों की मौत हुई है जिनमें मुंबई के 21 पुलिसकर्मी शामिल हैं।

