मुंबई। मुंबई महानगरपालिका के महापौर पद पर श्रीमती ऋतू तावड़े तथा उपमहापौर पद पर संजय घाडी के चयन पर शहरभर में हर्ष का माहौल है। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दी तथा मुंबई को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने की अपेक्षा जताई। लोकप्रिय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सक्षम मार्गदर्शन और मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम के प्रभावी नेतृत्व में “ट्रिपल इंजन सरकार” के माध्यम से मुंबई के समग्र विकास को गति मिलने की उम्मीद व्यक्त की गई। कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं के साथ ही मशहूर वित्त विशेषज्ञ भरतकुमार सोलंकी ने भी नई महापौर को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे मुंबईकरों की अपेक्षाओं पर खरी उतरेंगी और जनहित से जुड़े निर्णयों को प्राथमिकता देंगी।
नवनिर्वाचित महापौर से जनता की अपेक्षाएं केवल औपचारिक नहीं, बल्कि जमीनी समस्याओं के ठोस समाधान से जुड़ी हैं। मुंबई जैसे महानगर में बढ़ता प्रदूषण, खुली हवा और ओपन स्पेस की कमी, अतिक्रमण मुक्त फुटपाथों का अभाव, पैदल चलने व वॉक करने लायक सुरक्षित फुटपाथ, पर्याप्त पार्क और हरित क्षेत्र, पार्किंग की अव्यवस्था तथा ट्रैफिक जाम जैसी समस्याएं आम नागरिक के दैनिक जीवन को प्रभावित कर रही हैं। इस संदर्भ में भरतकुमार सोलंकी सहित कई सामाजिक चिंतकों ने भी यह अपेक्षा जताई कि नगर प्रशासन दीर्घकालीन वित्तीय योजना के साथ बुनियादी ढांचे में निवेश बढ़ाए, ताकि विकास टिकाऊ और समावेशी हो सके।
वहीं, दक्षिण मुंबई की जर्जर और खतरनाक पुरानी इमारतों का मुद्दा भी गंभीर बना हुआ है। नागरिकों का आग्रह है कि क्लस्टर डेवलपमेंट योजनाओं को पारदर्शिता और तेज़ी के साथ लागू कर पुराने इलाकों को सुरक्षित, आधुनिक और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के शहर के रूप में विकसित किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं से बचाव हो सके और लोगों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिले। जनप्रतिनिधियों ने यह भी अपेक्षा जताई कि नई महापौर के नेतृत्व में मुंबई मनपा पारदर्शी प्रशासन, जनहितैषी निर्णयों और तेज़ विकास की दिशा में ठोस कदम उठाएगी, जिससे मुंबई को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित महानगर का नया चेहरा मिल सके।
मुंबई को नई दिशा देने की उम्मीद, ऋतू तावड़े बनी महापौर, संजय घाडी उपमहापौर

