मुंबई:आर्थर रोड जेल में करीब 40 अन्य लोग कोरोना वायरस (कोविड-19) जांच में पॉजिटिव मिले हैं। कोरोना संक्रमित लोगों में विचाराधीन (अंडरट्रायल) कैदी और जेल के अधिकारी शामिल हैं। एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ने इसकी पुष्टि की। इसके साथ ही उन्होंने इस बात की भी आशंका जताई कि संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है।
एक दिन पहले ही महाराष्ट्र जेल ने बताया था कि नारकोटिक्स ड्रग्स कानून के अंतर्गत गिरफ्तार एक आरोपी कोरोना जांच में पॉजिटिव पाया गया है, जिसके बाद गुरुवार को यह घटना सामने आई है। जेल के दो अन्य स्टाफ जो कि नजदीकी बायकुला जेल के गेस्ट हाउस में रुके थे, मंगलवार (5 मई) को जांच में कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। जेल स्टाफ अपने साथ एक कैदी को लेकर जेजे अस्पताल गए थे।
एक अधिकारी ने कहा, “कोरोना जांच में कैदी के पॉजिटिव आने के बाद जेजे अस्पताल ने आर्थर रोड जेल से 150 लोगों के सैंपल लिए थे, जिसके नतीजे जेल को भेजे गए, जो इस बात की पुष्टि करता है कि यहां के कुछ अन्य लोग भी कोविड-19 से संक्रमित हैं।” आईपीएस अधिकारी ने कहा, “आर्थर रोड जेल से फिलहाल जांच के लिए और लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं।”
जेल अथॉरिटी अब भी इस बात की जांच कर रही है कि कोरोना वायरस जेल के अंदर कैसे पहुंचा, वो भी तब जबकि अप्रैल के पहले सप्ताह से ही यहां कोई भी नया कैदी नहीं लाया गया है, क्योंकि जेल में कैदियों की संख्या काफी ज्यादा हो गई है। आर्थर रोड जेल में 800 कैदियों के रहने की जगह है, लेकिन वर्तमान में यहां करीब 2700 कैदी रह रहे हैं।

