नई दिल्ली:कोरोना को लेकर बरती गई लापरवाही को लेकर जमात प्रमुख के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी क्राइम ब्रांच के एक-एक कर पांच पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमण का शिकार हो गए हैं। संक्रमण का खुलासा होने के बाद जांच से जुड़ी टीम के करीबन सभी सदस्यों को क्वारंटाइन कर दिया गया है। जांच को आगे बढ़ाने के लिए अब क्राइम ब्रांच की दूसरी यूनिट के सदस्यों को इस जांच टीम का हिस्सा बनाया गया है।
जांच टीम के पांच सदस्यों के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद यह माना जा रहा था कि इससे जांच पर असर पड़ेगा। लेकिन, जांच टीम के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का कहना है कि हमने अपनी क्राइम ब्रांच की दूसरी यूनिट के कुछ और सदस्यों को इस जांच से जोड़ दिया है। हम पूरी एहतियात बरतते हुए इस मामले की तफ्तीश आगे बढ़ा रहे हैं, ताकि संक्रमण का खतरा किसी अन्य पुलिसकर्मी तक नहीं पहुंचे।
तीन टीम अलग-अलग पहलू की तफ्तीश में जुटीं: मरकज मामले की जांच के दौरान पांच पुलिसकर्मियों को कोरोना संक्रमित होने के बाद से नए समीकरण के तहत तीन अलग-अलग टीमों को अलग-अलग पहलुओं की जांच में लगाया गया है। इतना ही नहीं तीनों टीमों को एक दूसरे से अलग भी कर रखा जा रहा है, ताकि इसमें से कोई भी अब संक्रमण का शिकार न हो। वहीं जांच के दौरान संक्रमण से बचने के सभी आवश्यक उपाय करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

