राजकुमार गौतम, दुबौला, (बस्ती,उ.प्र.)। उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान ‘मिशन शक्ति 5.0’ के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना कप्तानगंज की महिला सुरक्षा केंद्र एवं एंटी रोमियो टीम ने आज दुबौला चौकी क्षेत्र में सक्रियता दिखाई। ‘सुरक्षित नारी, सशक्त प्रदेश’ के नारे के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं, बालिकाओं और छात्राओं को विभिन्न कानूनी प्रावधानों एवं हेल्पलाइन नंबर्स की जानकारी दी गई। साथ ही, थाना क्षेत्र में भ्रमण के दौरान एंटी रोमियो चेकिंग अभियान चलाकर दो संदिग्ध व्यक्तियों से माफीनामा भरवाया गया, जबकि 10 मनचलों को कड़ी हिदायत देकर छोड़ा गया।
कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्राधिकारी कलवारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी के कुशल पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष कप्तानगंज आलोक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी कलवारी एवं थानाध्यक्ष कप्तानगंज की गरिमामयी उपस्थिति रही। पुलिस उप महानिरीक्षक संजीव त्यागी के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक बस्ती अभिनंदन के आदेशों एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कान्त के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति होने वाले अपराधों के खिलाफ जागरूकता फैलाना एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। दुबौला चौकी क्षेत्र में स्थित एसजेपी इंटरनेशनल स्कूल दुबौला में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, बालिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक अनिल कुमार त्रिपाठी, चौकी प्रभारी दुबौला राकेश कुमार मिश्रा, हेड कांस्टेबल राजकुमार दुबे, कांस्टेबल विजय यादव, अभिमन्यु शर्मा, महिला कांस्टेबल मेनिका चौहान, अर्चना सिंह एवं शिल्पा ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी सशक्तिकरण पर विस्तृत जानकारी दी गई। विभिन्न कानूनी प्रावधानों के बारे में बताते हुए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए हेल्पलाइन नंबर्स की जानकारी साझा की गई। इनमें प्रमुख रूप से 1090 (वीमेन पावर लाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 102 (स्वास्थ्य सेवा), 108 (एम्बुलेंस सेवा) एवं साइबर अपराधों के लिए 1930 (साइबर हेल्पलाइन) शामिल हैं। इसके अलावा, साइबर हेल्प वेबसाइट www.cybercrime.gov.in एवं थाना कप्तानगंज का सीयूजी नंबर 9454403114 का भी उल्लेख किया गया। टीम ने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के अपराध का शिकार होने पर बिना देर किए इन हेल्पलाइनों पर संपर्क करें। साथ ही, महिलाओं से संबंधित अपराधों के विरुद्ध बिना किसी भय के आवाज उठाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने इन पहलों की सराहना की और कहा कि ऐसे अभियान से समाज में महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा। एंटी रोमियो अभियान के तहत थाना क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की गई। इस दौरान दो व्यक्तियों से माफीनामा भरवाया गया, जबकि 10 मनचलों को कड़ी चेतावनी देकर भविष्य में ऐसी हरकत न दोहराने की हिदायत दी गई। थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत थाना क्षेत्र में नियमित रूप से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
मिशन शक्ति 5.0 के तहत नारी सशक्तिकरण की अलख, कप्तानगंज पुलिस एवं एंटी रोमियो ने दिखाई ताकत

