सैंटियागो: चिली में करीब तीन सप्ताह से राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन जारी है। इसका कारण मेट्रो के किराए में वृद्धि होना है। शुरुआत में यह विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, जो बाद में सामाजिक नीतियों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ हुई हिंसक झड़पों से व्यापक हो गया। यह विरोध प्रदर्शन छह अक्टूबर से शुरू हुआ था।
मंगलवार को न्यूज एजेंसी ने बताया कि इसे नियंत्रित करने के लिए की गई पुलिस कार्रवाई में अब तक 19 लोगों के मारे जाने की सूचना है जबकि 1659 से ज्यादा लोग घायल हो चुके हैं। अधिकांश लोग पुलिस की गोली लगने से घायल हुए हैं। देश के राष्ट्रीय मानवाधिकार संस्थान के अनुसार, सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।
संस्थान ने बताया- 595 लोग गोली लगने से घायल हुए
संगठन ने ट्वीट किया, ‘‘संस्थान ने 17 अक्टूबर से 4 नवंबर दोपहर 12 बजे तक रैलियों, पुलिस स्टेशनों और अस्पतालों की निगरानी में ये आंकड़े एकत्र किए।” संस्थान ने बताया कि 595 लोग गोली लगने से घायल हुए हैं जबकि 127 की आंख में चोट आई है। इस दौरान 670 महिलाओं, 479 नाबालिगों समेत 4,364 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।
निदान के लिए 1.2 अरब डॉलर का आवंटन करने का वादा
अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत करने के लिए कई उपायों का प्रस्ताव रखा है, जिसमें सामाजिक समस्याओं को हल करने के लिए 1.2 अरब डॉलर का आवंटन करने का वादा किया गया है। इस बीच कई शहरों में कर्फ्यू भी लगाया गया। हालांकि लोगों ने इसका उल्लंघन कर विरोध प्रदर्शन किया।
मेट्रो किराए में वृद्धि को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन में 19 की मौत, 1659 घायल

