नई दिल्ली: Pulwama Terror Attack को लेकर एआइएमएम के नेता असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को पाकिस्तान पर निशाना साधा। ओवैसी ने पाक के प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर कहा कि वो अपने चेहरे से शराफत का मुखौटा हटा ले।
उन्होंने कहा कि यह हमला पाकिस्तान सरकार, पाकिस्तानी आर्मी और आइएसआइ के इशारे पर हुआ है। इस हमले की जिम्मेदारी लेने वाले जैश-ए-मुहम्मद का सरगना मसूद अजहर मौलाना नहीं ‘शैतान का चेला’ है। इस दौरान उन्होंने जैश-ए-मुहम्मद पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने हमारे 40 जवानों की हत्या की है और उसकी जिम्मेदारी ली है, वे जैश-ए-मोहम्मद नहीं जैश-ए-शैतान हैं।
ओवैसी ने कहा, ‘मुहम्मद का सैनिक किसी व्यक्ति की हत्या नहीं करता, वह मानवता के प्रति दयालु है। तुम जैश-ए-शैतान, जैश-ए-इबलीस हो। मसूद अजहर, तुम मौलाना नहीं हो, तुम शैतान के शिष्य हो। यह लश्कर-ए-तैयबा नहीं है, यह लश्कर-ए-शैतान है।’
ओवैसी ने कहा कि ‘इस आतंकी हमले को पाक सरकार, आर्मी और आइएसआइ ने कराया है। हम पाकिस्तान के पीएम को बताना चाहेंगे कि वे टीवी के सामने बैठकर भारत को संदेश न दे, जो वे चाहते हैं। आपने इसे शुरू किया है। यह पहला हमला नहीं था। पठानकोट, उरी और अब पुलवामा। हम पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को कहना चाहते हैं अब आप अपने चेहरे से मासूमियत का नकाब हटा दो।’
बता दें कि 14 फरवरी को सीआरपीएफ का काफिला जम्मू से श्रीनगर जा रहा था। इस काफिले में करीब 78 गाड़ियां थीं और 2500 जवान शामिल थे। उसी दौरान विस्फोटक से लदी एक कार ने सीआरपीएफ की बस में टक्कर मार दी, जिसके बाद घातक विस्फोट हुआ और 40 जवान शहीद हो गए।

