नई दिल्ली:ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर मार्कस स्टॉयनिस का मानना है कि भारतीय क्रिकेटर जो टीम में खेल भी नहीं रहे हैं, वो उनसे कहीं ज्यादा टैलेंटेड हैं। उन्होंने कहा है कि भारतीय क्रिकेट टीम दुनिया की सबसे ज्यादा टैलेंटेड क्रिकेट टीम है। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम पर बनी डॉक्यूमेंटरी ‘द टेस्ट’ में स्टॉयनिस ने ऐसा कहा है। 2018 में भारतीय क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया में पहली बार टेस्ट सीरीज जीती थी और इस डॉक्यूमेंटरी में इस सीरीज का भी जिक्र है।
स्टॉयनिस ने इस डॉक्यूमेंटरी में कहा, ‘भारत दुनिया की सबसे टैलेंटेड क्रिकेट टीम है। जो खिलाड़ी टीम में खेल भी नहीं रहे हैं, वो भी मुझसे ज्यादा टैलेंटेड हैं।’ भारत ने 2018 में ऑस्ट्रेलिया को टेस्ट सीरीज में 2-1 से मात दी थी। यह पहला मौका था, जब भारत ने ऑस्ट्रेलिया को उसी की धरती पर टेस्ट सीरीज में मात दी थी। भारत ने इसके बाद इस दौरे पर टी20 इंटरनेशनल सीरीज 1-1 से बराबर कराई थी और पांच मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज में 2-0 से बढ़त हासिल की थी, हालांकि बाद में यह सीरीज भारत ने 3-2 से गंवा दी थी।
उन्होंने कहा, ‘मुझे भारत में खेलना पसंद है। मुझे वहां का कल्चर बहुत पसंद है, उस देश में जो एनर्जी है वो और कहीं नहीं है। अगर आप पूरे एक्साइटमेंट के साथ खेलते हैं तो इस देश की एनर्जी के साथ आप शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं।’ 30 वर्षीय स्टॉयनिस ने हाल में शेफील्ड शील्ड टूर्नामेंट में वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के लिए मैच खेला था। इससे पहले उन्होंने बिग बैश लीग (बीबीएल) में मेलबर्न स्टार्स की ओर से शानदार प्रदर्शन किया था। 2020 बीबीएल में वो टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे।

