नई दिल्ली: लगातार 11 हार के बाद पाकिस्तान को जीत नसीब हो गई है. पाकिस्तान ने सोमवार को आईसीसी विश्व कप-2019 के अपने दूसरे मैच में जोरदार वापसी करते हुए खिताब की सबसे मजबूत दावेदार मानी जा रही मेजबान इंग्लैंड को 14 रनों से हरा दिया. पाकिस्तान को अपने पहले मैच में वेस्टइंडीज के हाथों बुरी हार मिली थी. पाकिस्तान की जीत के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने टीम को बधाई देते हुए सीख भी दी.
इमरान खान ने ट्वीट करते हुए कहा, “वार्म अप मैच और विश्वकप के पहले मैच में मिली हार के बाद कमबैक करने वाली पाकिस्तान टीम को शानदार जीत के लिए बधाई. आप सभी प्रतिभाशाली हैं, सभी को खुद पर भरोसा करने की जरूरत है.”
पाकिस्तान ने खड़ा किया 348 रन का विशाल स्कोर
पाकिस्तान ने बल्लेबाजी का आमंत्रण मिलने पर अपने बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन दम पर 50 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 348 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. इंग्लैंड की मौजूदा टीम के रनों के पीछा करने के रिकॉर्ड तथा बल्लेबाजी की मजबूती और गहराई देखने के बाद लग रहा था कि वह यह मैच निकाल ले जाएगी लेकिन पाकिस्तान ने उसे 50 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 334 रनों पर ही रोक दिया.

