नई दिल्ली:भारतीय टींम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी कुछ दिनों बाद एक बार फिर दिखे। धोनी की बेटी जीवा के इंस्टाग्राम हैंडल पर जारी किए गए वीडियो में धोनी हालांकि काफी अलग लग रहे हैं। वीडियो में धोनी की सफेद दाढ़ी देखी जा सकती है। धोनी को इस रूप में देखकर काफी मीम्स और पोस्ट सोशल मीडिया पर देखे जा सकते हैं। किसी ने कहा कि इस समय हर कोई बाल कटवाने के लिए संघर्ष कर रहा है तो किसी ने कहा कि उनका पसंदीदा खिलाड़ी बूढ़ा हो चुका है।
क्रिकेट पंडित अयाज मेमन ने धोनी की सफेद दाढ़ी वाली फोटो के साथ ट्वीट किया कि किसी ने मुझे यह फोटो भेजा है। क्या यह वाकई में धोनी हैं या किसी ने फोटोशॉप किया है। धोनी लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने अपना आखिरी मैच पिछले साल इंग्लैंड में वनडे विश्व कप का सेमीफाइनल खेला था। तब से धोनी आराम के नाम पर बाहर चल रहे हैं।
उनके प्रशंसकों को उम्मीद थी कि वह इस बार आईपीएल में वापसी करेंगे, लेकिन कोरोना वायरस के कारण आईपीएल को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया है। कोरोना वायरस की वजह से सिर्फ आईपीएल ही नहीं बल्कि ओलंपिक गेम्स जैसे बड़े खेल आयोजन भी अगले साल के लिए टाल दिए गए हैं। कोरोना वायरस की वजह से अब ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप पर भी संकट के बादल छाए हुए हैं।

