कोलंबो:श्रीलंका के दिग्गज स्पिनर मुथैया मुरलीधरन इंटरनेशनल क्रिकेट को काफी पहले अलविदा कह चुके हैं। अब जल्द ही वो राजनीति में अपनी नई पारी शुरू कर सकते हैं। मुरलीधरन जल्द ही देश के तमिल बहुल क्षेत्र नॉर्दर्न प्रोविन्स के गवर्नर के रूप में नजर आ सकते हैं। मीडिया की बुधवार की रिपोर्ट्स के मुताबिक श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने उन्हें इस पद को स्वीकार करने के लिए निजी तौर पर निमंत्रण भेजा है।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा 800 विकेट लेने वाले 47 वर्षीय मुरलीधरन उन तीन नए गवर्नर में शामिल हैं जिनको राजपक्षे ने इस पद के लिए चुना है। डेली मिरर समाचार पत्र ने राष्ट्रपति सचिवालय के सूत्रों के हवाले से कहा, ‘राष्ट्रपति गोटवाया राजपक्षे ने मुरलीधरन को नॉर्दर्न प्रोविन्स का गवर्नर पद संभालने के लिए निजी तौर पर आमंत्रित किया है।’ मुरलीधरन ने मार्च 2005 में चेन्नई की रहने वाली मधिमलार राममूर्ति से शादी की थी। उन्होंने 2010 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।
मुरलीधरन सर्वकालिक महान स्पिन गेंदबाजों में शामिल हैं। उनकी गेंद खेल पाना बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं रहा है। मुरलीधरन ने अपने करियर का आखिरी इंटरनेशनल मैच 2 अप्रैल 2011 को खेला था। 2011 विश्व कप का फाइनल मैच उनके करियर का आखिरी इंटरनेशनल मैच था। इस मैच को जीतकर भारत वर्ल्ड चैंपियन बना था।

