नई दिल्ली:भारतीय अंडर-16 फुटबॉल टीम के मैत्री मैचों के लिए प्रस्तावित दौरे को ताजिकिस्तान ने कोरोना वायरस के संक्रमण के प्रसार के कारण रद्द कर दिया। भारतीय अंडर-16 (सैफ चैम्पियनशिप की विजेता अंडर-15) टीम को एएफसी अंडर-16 की उपविजेता ताजिकिस्तान के खिलाफ दो दोस्ताना मुकाबले खेलने के लिए पांच मार्च को यहां से रवाना होना था।
ताजिकिस्तान फुटबॉल महासंघ ने अखिल भारतीय फुटबॉल महांसघ (एआईएफएफ) को भेजे एक आधिकारिक मेल में कहा, ”ताजिकिस्तान की सरकार के निर्देश के मुताबिक कोरोना वायरस की स्थिति को देखते हुए भारत सहित 35 देशों के नागरिक यहां का दौरा नहीं कर सकते।”
उन्होंने कहा, ”इसे देखते हुए हमारी टीम के साथ दो मैत्री मैचों को रद्द किया जाता है।” बता दें कि घातक कोरोना वायरस के कारण अब तक दुनिया भर में 3100 से अधिक लोगों की जान गई है और 90000 से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं।
राष्ट्रीय टीम के निदेशक अभिषेक यादव ने कहा, “हम हालात पर नजर रखे हुए हैं। ताजिकिस्तान सरकार के अनुरोध पर हमने यू-16 टीम का दौरा रद्द कर दिया है। अभी भारत सहित 35 देशों के नागरिक ताजिकिस्तान दौरा नहीं कर सकते।”

