नई दिल्ली:कोरोना वायरस के कारण चीन में और 42 लोगों की मौत के साथ ही दुनियाभर में इस संक्रमण के कारण जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 3,000 के पार पहुंच गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने कहा कि सभी 42 लोगों की मौत हुबेई प्रांत में हुई है। आयोग ने यह भी कहा कि अब वायरस का प्रकोप कम हो रहा है और संक्रमण के नए मामले सामने आने की रफ्तार भी कम हुई है।
चीन में पहले से हाहाकार मचा रहे कोरोनावायरस ने अब दूसरे देशों में पैठ बनानी शुरू कर दी है। हाल हमें दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस के 500 नए मामले सामने आए। उधर कोरोना वायरस ने ईरान को भी अपने चपेट में ले लिया है। ईरान में कोरोना वायरस से 11 और लोगों की मौत हो गई जिससे इससे मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 54 हो गई है। बता दें कि चीन के बाद ईरान दूसरा देश है जहां पर कोरोना वायरस से इतनी ज्यादा मौते हुई हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता कियानोश जहांपोर ने रविवार को बताया कि इससे संक्रमण के 385 और नए मामले सामने आए हैं। देश में इस बीमारी से संक्रमण के मामलों की संख्या 978 पहुंच गई है।
उन्होंने बताया कि मशहाद समेत कई शहरों में नए मामलों की पुष्टि हुई है। प्रवक्ता ने अपनी दैनिक ब्रीफिंग में बताया कि पूरे ईरान में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या अब कम हो रही है। ईरान के सरकारी प्रसारक ने कहा कि उत्तरी गिलान प्रांत की राजधानी रश्त में जाने वाली सभी उड़ानों को स्थगित कर दिया गया है। इसका कोई कारण नहीं दिया गया है। गिलान क्षेत्र में राजधानी तेहरान के बाद संक्रमण के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। गौरतलब है कि चीन में इस वायरस के सामने आने के बाद दुनियाभर में इससे 86 हजार से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं और 2,900 से अधिक लोगों की मौत हुई है। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप का असर रविवार को खाड़ी देशों के शेयर बाजारों पर भी देखने को मिला।

