नई दिल्ली: देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख 31 हजार 420 हो गई है। इसमें शनिवार को रिकॉर्ड 6 हजार 661 की बढ़ोतरी हुई। महाराष्ट्र में 2608, तमिलनाडु में 759, दिल्ली में 591, गुजरात में 396, उत्तरप्रदेश में 282, मध्यप्रदेश में 201 और राजस्थान में 248 नए मरीज मिले। इधर, दिल्ली के जेल विभाग ने कोरोना के खतरे को देखते हुए 60 साल से ज्यादा उम्र के कैदियों को इमरजेंसी पैरोल देने का फैसला लिया है।
ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 1 लाख 25 हजार 101 संक्रमित हैं। इसमें से 69 हजार 597 का इलाज चल रहा है, 51 हजार 783 ठीक हुए हैं और 3720 की मौत हुई है।
अपडेट्स:-
- सिक्किम में कोरोना संक्रमण का पहला मामला सामने आया है। यहां दिल्ली से लौटे 25 साल के छात्र की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह हाल ही में दिल्ली से लौटा था।
- मध्यप्रदेश में संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए अस्पतालों में बेड की संख्या एक लाख तक बढ़ाई जा रही है। सरकार 18 लाख बेडशीट खरीद रही है, जिसे इस्तेमाल करने के बाद फेंक दिया जाएगा।
- पटना में सातों दिन बाजार खोलने की तैयारी है। डीएम कुमार रवि ने कहा कि सभी दुकानें शाम 6 बजे तक ही खुलेंगी। आधी दुकानें सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और आधी मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को खोली जाएंगी।
5 दिन जब सबसे ज्यादा मामले
| तारीख | केस |
| 23 मई | 6661 |
| 22 मई | 6570 |
| 19 मई | 6154 |
| 21 मई | 6025 |
| 20 मई | 5547 |

