नई दिल्ली:खेल मंत्री किरेन रीजिजू ने गुरूवार को कहा कि युवाओं को प्रेरित करने के लिए सरकार इस साल ‘टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम’ (टॉप्स) जूनियर स्तर पर भी शुरू करेगी। टॉप्स योजना के अंतर्गत खेल मंत्रालय भारत के शीर्ष खिलाड़ियों को वित्तीय मदद मुहैया कराता है।
रीजिजू ने कहा कि इस साल से हम जूनियर टॉप्स शुरू कर देंगे। हम 12, 13, 14 और 15 साल की उम्र से जूनियर खिलाड़ियों को भी फंड देना शुरू कर देंगे। उन्होंने कहा कि खेल में दिलचस्पी रखने वाले बच्चों के माता पिता को अब उनके बारे में चिंता करने की जरूरत नहीं होगी। अगर हम बच्चे में काबिलियत देखेंगे तो सरकार निश्चित रूप से उनकी देखभाल करेगी।

