नई दिल्ली:कांग्रेस सांसद और लोकसभा में पार्टी नेता अधीर रंजन के ऑफिस में मंगलवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे अज्ञात लोगो ने तोड़फोड़ की। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, इस दौरान अज्ञात हमलावरों ने उनके ऑफिस में काम कर रहे उनके कर्मचारियों के साथ हाथापाई भी की।
इस मामले में दिल्ली पुलिस ने कहा उन्हें अधीर रंजन के ऑफिस में तोड़फोड़ को लेकर शिकायत मिली है।
दिल्ली पुलिस ने कहा- कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी के आवास से लगे ऑफिस में चार लोगों की तरफ से तोड़फोड़ और गाली-गलौज किए जाने की शिकायत मिली है। हमलावर यह चाहते थे कि कर्मचारी सांसद से फोन पर उनकी बात कराए। लेकिन, कर्मचारियों ने ऐसा करने से मना कर दिया। इसकी जांच की जा रही है।
इससे पहले, यह खबर आई थी कि अज्ञात हमलावरों ने सांसद अधीर रंजन चौधरी के साथ भी मारपीट की है।
कौन हैं अधीर रंजन चौधरी
अधीर रंजन चौधरी पश्चिम बंगाल में बहरामपुर सीट से लोकससभा सांसद हैं। 2019 में उनको सोनिया गांधी ने कांग्रेस का लोकसभा में नेता बनाया था। लोकसभा और उसके बाहर अधीर रंजन चौधरी के आक्रामक तेवर रहे हैं और वे सरकार पर जोरदार तरीके से हल्ला बोलते रहे हैं।
गौरतलब है कि अधीर रंजन चौधरी पश्चिम बंगाल के बेरहमपुर सीट से सांसद हैं। बंगाली परिवार से आने वाले अधीर रंजन का जन्म 2 अप्रैल 1956 को हुआ था। अधीर 1996 से राजनीति में हैं। इसी साल वह पहली बार विधायक बने थे। 1999 में वह पहली बार सांसद बने थे।
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के ऑफिस में हुई तोड़फोड़, स्टाफ से की गई बदसलूकी

