अमृतसर: कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने करतारपुर कॉरिडोर के लिए नवजोत सिंह सिद्धू और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान को असली हीरो बताया। अमृतसर नगर निगम के पार्षद हरपाल सिंह वेरका ने मंगलवार को सिद्धू और इमरान के साथ में होर्डिंग भी लगाए। इस पर प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राजेश हनी ने कहा कि होर्डिंग से साबित होता है कि सिद्धू भारत में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के एजेंट हैं।
गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को लेकर लगाए गए सिद्धू और इमरान के होर्डिंग्स को कुछ ही घंटों में उतार लिया गया। होर्डिंग में लिखा था, ‘‘करतारपुर रास्ता खुलवाने वाले असली हीरो नवजोत सिंह सिद्धू’, हम पंजाबी छाती ठोक कर कहते हैं कि करतारपुर रास्ता खुलवाने का सारा श्रेय सिद्धू और इमरान को जाता है, क्योंकि हम लोग अहसान फरामोश नहीं हैं।’’
पाकिस्तान ने भारत में पहला निमंत्रण सिद्धू को दिया
इमरान ने सिद्धू को भारत में पहला निमंत्रण कार्ड दिया है। भारत स्थित पाकिस्तान उच्चायोग के माध्यम से मिले कार्ड पर नंबर 001 लिखा है। सिद्धू ने 9 नवंबर को करतारपुर जाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार से अनुमति मांगी थी। पंजाब सरकार ने उनको अनुमति दे दी है।
2200 सिख श्रद्धालुओं का पहला जत्था पाकिस्तान पहुंचा
9 नवंबर को करतारपुर कॉरिडोर का उद्घाटन होगा। इससे पहले ही 2200 सिख श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान के पंजाब प्रांत पहुंच गया। उधर, पाकिस्तान सरकार ने कॉरिडोर के उद्घाटन से पहले 5 नवंबर को डाक टिकट और थीम वीडियो सॉन्ग जारी किया। 8 रुपए मूल्य के डाक टिकट पर ननकाना साहिब गुरुद्वारे की तस्वीर है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिद्धू-इमरान के होर्डिंग लगाए, भाजपा ने कहा- नवजोत आईएसआई एजेंट हैं

