चेन्न:कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार को बीजेपी पर ‘संवैधानिक मूल्यों को तबाह करने पर अड़े होने’ के लिए हमला किया और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में भगवा दल को शिकस्त देने के वास्ते कांग्रेस और द्रमुक के बीच ‘सतत और मजबूत संबंधों’ की इच्छा जताई।
सोनिया गांधी ने यहां कहा, ‘करूणानिधि भीतर से लोकतांत्रिक थे और संसदीय संस्थानों में उनकी आस्था थी।’ उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 1971 में प्रीवी पर्स को खत्म करने और 1980 में बैंकों के राष्ट्रीयकरण के प्रति करुणानिधि के समर्थन को हमेशा याद रखेगी।
बीजेपी का जाहिरा तौर पर हवाला देते हुए सोनिया गांधी ने कहा, ‘यह मेरी इच्छा है कि एक दूसरे के प्रति हमारी पार्टियों का परस्पर सहयोग मजबूत बना रहना चाहिए। ठीक उसी तरह जैसा कि करुणानिधि जी हमारा मार्गदर्शन करते थे और जैसा कि आप सब जानते हैं। हमें, हमारे संवैधानिक मूल्यों, हमारे संस्थानों और भारत के विचार को नष्ट करने पर उतारू राजनीतिक ताकतों से एक होकर लड़ना है। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और द्रमुक के बीच एकता का संदेश लोगों में जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘तमिलनाडु और देश के लोगों में यह संदेश जाना चाहिए कि हम एक हैं और अपने देश के संविधान और इसके मूल्यों को बचाने एवं संरक्षण करने के लिए दृढ़ हैं जिन्होंने पिछले 70 वर्षों में भारत का निर्माण किया है और उसे बनाए रखा है।’

