कांदिवली। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशानुसार कांदिवली महिला मंडल द्वारा मासिक कार्यशाला प्रेक्षा प्रवाह – प्रेक्षा ध्यान और डिप्रेशन एवं जल संरक्षण का आयोजन दिनांक 22 अप्रैल 2025 को किया गया। कार्यशाला में वर्षीतप करने वाले तपस्वी भाई बहनों का अनुमोदन कार्यक्रम भी समायोजित किया गया।
मुनि श्री कुलदीप कुमार जी एवं मुनि श्री मुकुल कुमार जी के सान्निध्य में नमस्कार महामंत्र से कार्यक्रम आरंभ हुआ। ठाकुर कॉम्प्लेक्स की बहनों द्वारा मंगलाचरण के पश्चात अध्यक्षा श्रीमती विभाजी श्रीश्रीमाल ने स्वागत वक्तव्य में तपस्वी भाई बहनों की अनुमोदना की एवं नारी लोक में प्रेषित जानकारी दी। कार्यक्रम के पहले चरण में तपस्वी भाई बहनों का सम्मान किया गया।
कांदिवली में कुल आठ बहनों एवं एक भाई का वर्षीतप पूर्णता की ओर है। तपस्वी भाई एवं बहनों ने अपनी तपस्या का अनुभव साझा किया। इसके पश्चात मुनि श्री मुकुल कुमार जी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में तपस्वियों की अनुमोदना प्रेषित की और विषय प्रेक्षा ध्यान और डिप्रेशन पर बहनों को समझाते हुए कई उपाय बताये।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में प्रेक्षा प्रशिक्षिका श्रीमती मीनाक्षी जी बैद ने बहनों को डिप्रेशन क्या होता है यह समझाया और किस प्रकार विभिन्न आसनों के प्रयोग से डिप्रेशन में लाभ मिल सकता है।
कार्यक्रम के तीसरे चरण में उपासिका निर्मला जी नौलखा ने जल संरक्षण के महत्व और उसके उपाय बताये। उन्होंने जैन धर्म के सिद्धांतों के माध्यम से जल संरक्षण किस प्रकार किया जा सकता है,विस्तार से समझाया।
कार्यक्रम सामूहिक अनुमोदना गीत के साथ सानंद संपन्न हुआ। लगभग 50 बहनों की सराहनीय उपस्थिति रही। तेरापंथ युवक परिषद- कांदिवली के अध्यक्ष श्री राकेश जी सिंघवी एवं मंत्री श्री पंकज जी कच्छारा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार ज्ञापन उपाध्यक्ष अलका जी पटावरी ने किया।
कांदिवली महिला मंडल की “प्रेक्षा प्रवाह – प्रेक्षा ध्यान और डिप्रेशन एवं जल संरक्षण” कार्यशाला संपन्न

