नई दिल्ली: आयकर विभाग ने तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता की पूर्व सहयोगी और एआईएडीएमके की पूर्व महासचिव वीके शशिकला की 1600 करोड़ रुपए की बेनामी संपत्ति जब्त कर ली। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि नवंबर 2016 में नोटबंदी के तुरंत बाद शशिकला ने चेन्नई, पुड्डुचेरी और कोयम्बटूर में नौ संपत्तियां खरीदी थीं। फिलहाल, शशिकला भ्रष्टाचार मामले में चार साल जेल की सजा काट रही है।
सूत्रों ने बताया कि शशिकला पर आरोप है कि उसने नोटबंदी के दौरान पुराने नोटों से काल्पनिक नामों से करीब 1500 करोड़ रुपए की संपत्ति जुटाई थी। आयकर विभाग ने 2017 में शशिकला और अन्य के खिलाफ ऑपरेशन क्लीन मनी के तहत उसके ठिकानों पर छापेमारी की गई थी। इस दौरान बेनामी संपत्ति का पता चला था। अधिकारियों ने इसे लेकर शशिकला से पूछताछ भी की थी।
जयललिता की मौत को लेकर शशिकला से पूछताछ हुई थी
जयललिता के निधन के बाद एआईएडीएमके की बागडोर संभालने वाली शशिकला को बाद में तत्कालीन मुख्यमंत्री पलानीस्वामी के नेतृत्व वाले खेमे ने पार्टी से निकाल दिया था। उसके रिश्तेदार इलावरासी और वीएन सुधाकरन भी मामले में चार साल की जेल की सजा काट रहे हैं। जयललिता की मौत में कथित संलिप्तता को लेकर भी शशिकला से पूछताछ हो चुकी है।
जयललिता की सहयोगी शशिकला की 1600 करोड़ रु. की संपत्ति जब्त, नोटबंदी में खरीदी थी जायदाद

