रोम: इटली के फुटबॉल क्लब ब्लेस मातउइदी क्लब के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं, जिनका कोरोना वायरस का टेस्ट पॉजिटिव आया है। सेरी-ए क्लब ने एक बयान में कहा है कि फ्रांस के इस खिलाड़ी ने 11 मार्च से ही अपने आप को सभी से अलग कर लिया था। 2017 में क्लब के साथ जुड़ने वाले इस खिलाड़ी ने जुवेंतस के लिए इस सीजन में 31 मैच खेले हैं और एक गोल के अलावा दो गोल में मदद की है।
उनसे पहले डिफेंडर डेनियल रुगानी की भी कोरोना वायरस की जांच पॉजिटिव आई थी। इसके बाद क्रिस्टियानो रोनाल्डो का भी टेस्ट किया था, जो निगेटिव आया था। वहीं, स्पेनिश फुटबॉल क्लब वालेंसिया ने पुष्टि करते हुए बताया है कि उसके 35 फीसदी खिलाड़ी और स्टाफ के सदस्य कोरोनावायरस से पीड़ित पाए गए हैं।
कोरोना वायरस की चपेट में आकर स्पेनिश फुटबॉल कोच फ्रांसिस्को गार्सिया की मौत हो गई है। गार्सिया महज 21 साल के थे। गार्सिया का निधन रविवार को हुआ। वह कोविड-19 टेस्ट में पॉजीटिव पाए गए थे। इसके बाद उन्होंने इलाज के लिए मलागा के रीजनल हॉस्पिटल में भेजा गया था। हालांकि जब उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया तो वह ल्यूकेमिया से भी पीड़ित पाए गए।
कोपा अमेरिका 2021 तक स्थगित
कोरोना वायरस महामारी के कारण कोपा अमेरिका फुटबॉल टूर्नामेंट को मंगलवार को 2021 तक स्थगित कर दिया गया। दक्षिण अमेरिकी फुटबॉल संस्था कॉनमेबोल ने कहा कि यह टूर्नामेंट 11 जून से 11 जुलाई 2021 के बीच कोलंबिया और अर्जेंटीना में खेला जाएगा। इस दौरान यूरोपीय चैंपियनशिप भी खेली जाएगी, जिसे एक साल के लिए स्थगित किया गया है।
यूरो 2020 फुटबॉल टूर्नामेंट 2021 तक स्थगित
कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते खतरे के बीच यूरोपियन फुटबॉल चैंपियनशिप (यूरो कप) 2020 को स्थगित कर दिया गया है। यूरो कप को एक साल के लिए स्थगित किया गया है, इसका मतलब अब यूरो कप 2021 में खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट 12 जून से 12 जुलाई के बीच खेला जाना था। यूरोपीय फुटबाल संस्था यूएफा ने इस बात की जानकारी दी। यूएफा ने कहा, ‘यूरो कप को 11 जून से 11 जुलाई 2021 तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।”

