मुंबई:पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान और प्रवीण कुमार ने अपने मैदानी व्यवहार के कारण ऑस्ट्रेलियाई दिग्गजों की आलोचना झेल रहे भारतीय कप्तान विराट कोहली का बचाव करते हुए कहा कि वह जैसे हैं उन्हें वैसा ही रहना चाहिए। एलन बॉर्डर, माइक हसी, मिशेल जॉनसन और यहां तक भारत के संजय मांजरेकर ने कोहली के मैदानी व्यवहार पर नाराजगी जताई।
जहीर खान कहा, ”मैं यही कहूंगा कि विराट को जो सबसे अच्छा लगता है वे उस पर कायम रहें। आपको जिसमें सफलता मिलती है वे उस पर कायम रहें। आपको सफलता के अपने फार्मूले से नहीं हटना चाहिए। यह मायने नहीं रखता कि बाकी क्या कह रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया में सीरीज हमेशा इस तरह से कड़ी होती है।
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार ने भी जहीर की हां में हां मिलाई। प्रवीण ने कहा, ”कोहली अंडर-16, अंडर-19 और रणजी ट्रॉफी स्तर से ही आक्रामकता के साथ खेलते रहे हैं। अगर वह भारत की तरफ से खेलते हुए वही आक्रामकता दिखा रहे हैं तो यह क्या मुद्दा है। मैंने उसके साथ काफी क्रिकेट खेली है और मैं कह सकता हूं कि वह आक्रामकता के बिना अपनी सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट नहीं खेल सकते।
वहीं, ऑस्ट्रेलिया के कोच जस्टिन लैंगर ने भी इस मामले में विराट कोहली का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि दूसरे टेस्ट में भारत का आक्रामक लेकिन हद पार नहीं करने का रवैया पसंद आया। कोच ने साथ ही जोर देकर कहा कि विराट कोहली और टिम पेन के बीच बहस हास्यपूर्ण थी, अपमानजनक नहीं। भारतीय कप्तान कोहली और उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष पेन को मैदान पर कई मौकों पर बहस करते हुए देखा गया और इस दौरान एक समय तो वे शारीरिक संपर्क के बेहद करीब पहुंच गए थे।
कोच लैंगर ने हालांकि कहा कि उन्हें यह टकराव पसंद आया। लैंगर ने ‘फाक्स क्रिकेट से कहा, ”मुझे लगता है कि यह शानदार था। वे दो कप्तान थे और मैच पर अपना दबदबा जताने का प्रयास कर रहे थे और मुझे नहीं लगता कि किसी भी समय किसी तरह का अपमानजनक रवैया अपनाया गया या किसी तरह की वास्तविक आक्रामकता थी।
लैंगर ने कहा कि उन्हें खुशी है कि उनकी टीम टेस्ट मैच के दौरान आक्रामक भारत के खिलाफ डटी रही। उन्होंने कहा, ”ईमानदारी से कहूं तो तीसरे दिन के अंत में सब कुछ काफी भावनात्मक था क्योंकि मुझे लगता है कि भारत बेहद आक्रामक था। मुझे यह पसंद है और यही वास्तव में टेस्ट क्रिकेट है। लेकिन हमें सिर्फ अपने कौशल के दम पर डटे रहने की जरूरत थी और उम्मीद करते हैं कि इस टेस्ट मैच में हम ऐसा किया।
जहीर खान ने किया कोहली का बचाव, कहा- एग्रेशन कम करने की जरुरत नहीं

