मुंबई:जेट एयरवेज के कर्मचारियों का कंसोर्शियम और लंदन का आदिग्रुप मिलकर एयरलाइन की 75% हिस्सेदारी खरीदने के लिए दिवालिया प्रक्रिया के तहत बोली लगाएंगे। उन्होंने बिडिंग के लिए पार्टनरशिप करने की जानकारी शुक्रवार को दी।
जेट के खिलाफ दिवालिया याचिका 20 जून को स्वीकार हो चुकी
दोनों ने संयुक्त बयान में कहा कि कर्मचारियों के नेतृत्व में एयरलाइन के संचालन के लिए भारतीय एविएशन के इतिहास में यह नई शुरुआत है। इससे जेट के सभी कर्मचारी उसके मालिक बन जाएंगे। इससे प्रधानमंत्री का सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास का सपना भी साकार होगा।
एसबीआई के नेतृत्व वाले 26 बैंकों के कंसोर्शियम ने 17 जून को जेट के खिलाफ नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (एनसीएलटी) की मुंबई बेंच में दिवालिया अर्जी दाखिल की थी। ट्रिब्यूनल ने 20 जून को याचिका स्वीकार कर ली थी।
जेट में हिस्सेदारी बेचने के लिए निवेशक नहीं मिलने पर बैंकों ने दिवालिया प्रक्रिया का रास्ता चुना था। जेट एयरवेज पर 8,500 करोड़ रुपए का कर्ज है। वेंडर, लीजदाताओं और कर्मचारियों के वेतन के 25 हजार करोड़ बकाया हैं।
जेट के खिलाफ दिवालिया अर्जी दाखिल होने से पहले भी आदिग्रुप ने 24.9% शेयर खरीदने के लिए 2,500 करोड़ रुपए का प्रस्ताव दिया था। लेकिन, वार्ता सफल नहीं हो पाई थी।

