लखनऊ:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को सर्किट हाउस में आठ लोस क्षेत्रों से आए पार्टी नेताओं को बेफिक्र हो चुनाव की तैयारी में युद्धस्तर पर जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गठबंधन या किसी नए नेता के मैदान में आने की चिंता करने की जरूरत नहीं है। 60 प्रतिशत मतदाता भाजपा के साथ है। सब मिल तैयारी करें, जीत पक्की होगी।
सर्किट हाउस में गुरुवार दोपहर लोकसभा चुनाव समितियों की बैठकें बलिया से शुरू हुईं। मुख्यमंत्री ने समिति के सदस्यों से जमीन पर चल रही चुनावी तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। बूथ स्तरीय कमेटियों, पन्ना प्रमुखों से लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के हाल के बारे में जाना।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन पर नज़र रखने के साथ-साथ लाभार्थियों से सम्पर्क करने का आह्वान किया। बैठक के बाद बाहर निकले विधायक सुरेन्द्र सिंह और वरिष्ठ नेता दयाशंकर सिंह का उत्साह देखते ही बन रहा था।
जीतेंगे हम, बेफिक्र हो करें चुनाव की तैयारी: सीएम योगी

