नई दिल्ली:जेएनयू हिंसा की जांच में जुटी स्पेशल इनवेस्टिगेटिव टीम (एसआईटी) अबतक 29 लोगों से पूछताछ कर चुकी है, जबकि 77 के बयान भी दर्ज कर चुकी है, लेकिन जांच में जुटी एसआईटी को पुख्ता साक्ष्य न मिलने के कारण अभीतक एक भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
कई मामलों में भी एसआईटी फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जबकि कई में पुख्ता साक्ष्य एकत्र करने का प्रयास जारी है। आलम यह है कि अभी भी पूछताछ के लिए एसआईटी छात्रों और उनसे जुड़े लोगों को नोटिस दे रही है। क्राइम ब्रांच सूत्रों की मानें तो जांच के दायरे में जिनको रखा गया है, उनमें 11 के मोबाइल अभी भी बंद हैं। दो संदिग्ध ग्रुपों के आधार पर जिन अन्य लोगों की पहचान हुई थी, उनमें से भी कुछ के मोबाइल बंद हैं। दरअसल दोनों ही ग्रुप घटना के वक्त ही बनाए गए थे। इस कारण कई लोग एक दूसरे से वाकिफ भी नहीं हैं। वहीं, कुछ ने तो घटना के बाद ही ग्रुप छोड़ भी दिया था। पुलिस के मुताबिक हिंसा के वक्त बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुपों में से 60 की पहचान कर ली गई है।
नए सुराग की तलाश
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जेएनयू में कई वीडियो सामने आए हैं, तो कुछ वीडियो बाद में भी हासिल किए गए, जिसके आधार पर एफएसएल की टीम जांच भी कर रही है। इसके अलावा भी एसएफएल की टीम के जरिए कुछ नए सुराग की तलाश है। वीडियो फुटेज में दिखाई देने वाले कुछ लड़कों को बुलाकर उनसे पूछताछ कर कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
अब तक क्या हुआ
– जेएनयू हिंसा मामले में छात्र, सुरक्षा गार्ड समेत कुल 37 लोग घायल हुए थे, जिन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया था।
– हिंसा को लेकर पुलिस ने तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की है। दो जेएनयू प्रशासन की तरफ से दी शिकायतों पर, जबकि एक मामला पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए दर्ज किया।
– इस मामले में एबीवीपी और वाम दलों के छात्र संगठनों और जेएनयू की तरफ से कुल 11 शिकायतों की पुलिस जांच कर रही है। इसमें से 29 से पूछताछ कर चुकी है, जबकि 77 के बयान दर्ज चुकी है। ’ हिंसा को लेकर पुलिस ने पेरियार हॉस्टल के समीप स्थित बैंक सहित आसपास के सीसीटीवी और वायरल वीडियो सहित 25 फुटेज की जांच की है।
– अबतक 80 लोगों के पुलिस ने सीडीआर निकाले हैं, जिसके आधार पर करीब 60 लोगों की पहचान हो गई है। पुलिस ने घटना के दौरान बनाए गए दो संदिग्ध व्हाट्स एप ग्रुपों की भी पहचान की है।

