बैंगलुरु। जेएलडब्ल्यू (जीतो लेडीज़ विंग) बैंगलोर नॉर्थ द्वारा आयोजित “स्नो स्पोर्ट्स ओलंपिक” कार्यक्रम 24 अप्रैल 2025 को स्नो सिटी में भव्य रूप से हुआ। इस आयोजन में 100 से अधिक सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खेल वर्टिकल के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम की संयोजक साधना धोका और सह-संयोजक मोना आंचलिया थीं, जिन्होंने पूरी टीम के साथ कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक संभाला। कार्यक्रम की शुरुआत नवकार महामंत्र से हुई, जिसके पश्चात संचालन जेएलडब्ल्यू बेंगलुरु नॉर्थ की मुख्य सचिव रक्षा छाजेड़ ने किया। अध्यक्ष लक्ष्मीजी ने उपस्थितजनों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए प्रेरणादायक शब्दों से सभी का मनोबल बढ़ाया।
इस कार्यक्रम की मुख्य विशेषता कॉमनवेल्थ टेनपिन बॉलिंग चैंपियनशिप (2011, मलेशिया व 2016) में दो बार कांस्य पदक विजेता, श्री आकाश अशोक कुमार की उपस्थिति रही। उन्होंने खेलों को जीवन का अहम हिस्सा मानते हुए, प्रतिभागियों को खेल के प्रति प्रेरित किया और अपने अनुभवों से सभी को रूबरू कराया। उन्होंने अपने जीवन की संघर्षगाथा साझा करते हुए बताया कि कैसे उन्होंने जैन मूल्यों का पालन करते हुए, कठिनाइयों के बावजूद अपने पैशन को बनाए रखा। साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि बहुत जल्द वे बॉलिंग खेल की कोचिंग प्रारंभ करेंगे, जो अब तक उपलब्ध नहीं थी। उनका परिचय मोना आंचलिया ने कराया।
कार्यक्रम में “गर्मी से बचें, आराम महसूस करें” की थीम के तहत, सभी सदस्यों ने परीक्षा के तनाव के बाद स्नो सिटी में खेल और गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया। इस आयोजन ने सभी को तरोताजा करने के साथ-साथ आपसी संबंधों को भी मजबूत किया। प्रतिभागियों ने न केवल उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया बल्कि कई नए मित्र भी बनाए।
इस अवसर पर प्रमुख अतिथियों में बिंदु रायसोनी (जेएलडब्ल्यू हाउसहोल्ड बिजनेस मॉडल की शीर्ष संयोजक), मधुजी डोशी (पूर्व अध्यक्ष), तथा कमिटी सदस्य नीता गादिया, नंदा बाफना और संगीता मुथा उपस्थित रहीं। यह आयोजन महिलाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत साबित हुआ और खेलों के माध्यम से जीवन में सकारात्मकता लाने का सशक्त उदाहरण बना।
जेएलडब्ल्यू बेंगलुरु नॉर्थ लेडीज़ विंग द्वारा “स्नो स्पोर्ट्स ओलंपिक” का सफल आयोजन

