नई दिल्ली:भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल जा रही चार टेस्ट मैचों की सीरीज 1-1 से बराबरी पर पहुंच गई है। एडिलेड में पहला टेस्ट 31 रन से जीतने के बाद भारत ने मंगलवार को पर्थ में दूसरा मुकाबला 146 रनों से गंवा दिया। हार के साथ ही भारतीय कप्तान विराट कोहली के रवींद्र जडेजा को पर्थ टेस्ट में मौका न देने पर सवाल उठने लगे थे। विराट ने हालांकि, मैच के बाद इस बारे में अपना पक्ष रखा था, लेकिन टीम के कोच रवि शास्त्री ने हाल ही में रवींद्र जडेजा को लेकर एक अलग ही बयान दे दिया है। कोच के बयान के बाद इस मामले पर बीसीसीआई की भी सफाई आई है।
हालांकि, पर्थ टेस्ट में रवींद्र जडेजा को नहीं खिलाए जाने के बारे में कप्तान विराट कोहली, कोच रवि शास्त्री और बीसीसीआई तीनों के बयान अलग-अलग हैं। आइए जानते हैं, इस मामले में कप्तान, कोच और बीसीसीआई ने क्या-क्या बयान दिए।
पर्थ में हार के बाद विराट ने जडेजा के बारे में ये कहा था
विराट कोहली का कहना था कि उन्होंने पिच को देखकर जडेजा दूसरे टेस्ट में मौका नहीं दिया था। जडेजा की जगह उमेश यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने कहा था कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कभी स्पिनर को टीम में रखने के बारे में नहीं सोचा क्योंकि उनका मानना था कि भारत के चार तेज गेंदबाज काम कर जाएंगे। कोहली ने कहा था, ‘जब हमने पिच को देखा तो हमने जेडजा के विकल्प के बारे में नहीं सोचा। हमने सोचा कि चार तेज गेंदबाज काफी होंगे।
कोच रवि शास्त्री ने रवींद्र जडेजा को लेकर दिया ये बयान
भारतीय क्रिकेट टीम के कोच रवि शास्त्री ने रवींद्र जडेजा की फिटनेस को लेकर एक बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि जडेजा ऑस्ट्रेलिया आने से पहले पूरी तरह फिट नहीं थे और उन्हें ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के चार दिन बाद इंजेक्शन दिए गए थे। यही कारण था कि उन्हें पर्थ में दूसरे टेस्ट के लिए नहीं चुना गया था।
शास्त्री ने कहा था, ”अगर पर्थ की बात करें तो हमें लगता है कि वह 70 से 80 प्रतिशत फिट था और हम दूसरे टेस्ट में उन्हें लेकर जोखिम नहीं उठाना चाहते थे। अगर वह यहां (मेलबर्न में) 80 प्रतिशत फिट हुआ तो वह खेलेंगे। इस विवाद के तूल पकड़ने से बीसीसीआई को हरकत में आना पड़ा और उन्होंने एक अलग ही बयान दिया।
शास्त्री के बयान के बाद BCCI ने जडेजा पर ये कहा
भारतीय क्रिकेट टीम के कोच रवि शास्त्री के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की फिटनेस को लेकर मेलबर्न में दिए गए विवादास्पद बयान के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मामले को संभालने की कवायद करते हुए जडेजा की फिटनेस पर सफाई जारी की और उन्हें मेलबर्न में 26 दिसम्बर से होने वाले तीसरे टेस्ट के लिए फिट करार दिया। बीसीसीआई ने बयान जारी कर कहा कि जडेजा के बाएं कंधे में काफी सुधार हुआ है और वह तीसरे टेस्ट में चयन के लिए उपलब्ध हैं।
बीसीसीआई ने बताया कि जडेजा ने 2018 में लम्बे गेंदबाजी स्पैल करने के कारण बाएं कंधे में परेशानी की शिकायत की थी और इसके इलाज के लिए उन्हें दो नवम्बर को मुंबई में इंजेक्शन दिया गया था जिससे उन्हें आराम मिला था और वह 12-15 नवम्बर तक सौराष्ट्र के लिए रणजी मैच में खेले थे और इस मैच में उन्होंने बिना किसी परेशानी के 64 ओवर डाले थे। इसके बाद बीसीसीआई ने उन्हें फिट घोषित किया था और फिर उनका ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए चयन हुआ था। ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद जडेजा ने सिडनी में अभ्यास मैच के दौरान 30 नवम्बर को इस परेशानी की फिर शिकायत की। उस दिन उन्हें फिर एक इंजेक्शन दिया गया। इस इंजेक्शन और रिहैबिलिटेशन से उनकी स्थिति में सुधार हुआ।
जडेजा के सलेक्शन पर कप्तान, कोच और BCCI के अलग-अलग बयान

