डोडा: पाकिस्तान ने इस साल 10 अक्टूबर तक 2317 बार सीजफायर तोड़ा। वहीं, एलओसी और कश्मीर में सुरक्षाबलों की कार्रवाई में 147 आतंकवादी मारे गए। भारतीय सेना के सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया, “पाकिस्तान ने पिछले साल 1629 बार सीजफायर तोड़ा और सेना की कार्रवाई में 254 आतंकवादियों को मार गिराया गया था।” इस बीच, वायुसेना प्रमुख आरकेएस भदौरिया ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार श्रीनगर बेस का आज दौरा किया और सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया।
उत्तरी सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने शुक्रवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर में आतंकी हथियारों की कमी का सामना कर रहे हैं, इसलिए वे पुलिस स्टेशनों या विशेष पुलिस अधिकारियों पर हमले कर इन्हें छीनने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर में शांति भंग करने की कोशिश कर रहा है और आतंकियों को प्रशिक्षण दे रहा है।
कमांडर ने कहा कि लगभग 200-300 आतंकी जम्मू-कश्मीर में शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं। लगभग 500 आतंकियों को सीमा पार विभिन्न लॉन्च पैडों पर प्रशिक्षित किया जा रहा है। लेकिन, सेना घुसपैठ रोकने या किसी भी हमले को नाकाम करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
गोलीबारी में भारतीय जवान शहीद
जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में पाकिस्तान द्वारा की गई गोलीबारी में भारतीय सेना का एक जवान आज शहीद हो गया। नायक सुभाष थापा पाकिस्तानी सीजफायर में घायल हो गया था और उसे उधमपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। थापा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वह पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग का रहनेवाला था और पिछले आठ साल से भारतीय सेना में तैनात थे।
पठनकोट में पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन
पिछले कुछ दिनों से पाकिस्तान द्वारा ड्रोन से हिमाचल प्रदेश में हथियार भेजने की गतिविधि सामने आने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने पंजाब और हिमाचल प्रदेश की सीमा पर सर्च ऑपरेशन चलाया। पठानकोट के पुलिस उपाधीक्षक राजिन्दर मानहंस ने बताया कि खुफिया एजेंसियों द्वारा सुरक्षा अलर्ट जारी किए जाने के मद्देनजर यह ऑपरेशन राज्य सीमा पर और इससे सटे वनक्षेत्रों में चलाया गया। अभियान के दौरान राजमार्ग पर वाहनों की सघन जांच की गई।
इस साल पाकिस्तान ने 2317 बार सीजफायर का उल्लंघन किया, 147 आतंकवादी मारे गए

